Barabanki City

महादेव मंदिर के गर्भगृह तक पहुंचे चोर… मास्क पहनकर आए और उड़ा ले गए 25 लाख, इलाके में हड़कंप

बाराबंकी में अवसानेश्वर महादेव मंदिर में रात के समय चोरों ने सेंध लगाकर करीब 8 किलो चांदी और पूजा सामग्री चोरी कर ली, जिसकी कीमत लगभग 25 लाख रुपये है

बाराबंकी, 4 फरवरी 2026:

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के सटे जिले बाराबंकी के हैदरगढ़ क्षेत्र के प्रसिद्ध श्री अवसानेश्वर महादेव मंदिर में मंगलवार देर रात चोरी की बड़ी घटना सामने आई है। अज्ञात चोर मंदिर के अंदर घुसकर सीधे गर्भगृह तक पहुंच गए और वहां से चांदी का छत्र, करीब 8 किलो चांदी और अन्य महंगी पूजा सामग्री समेट ले गए। चोरी गई संपत्ति की कीमत लगभग 25 लाख रुपये मानी जा रही है। चोरों ने सीसीटीवी का डीवीआर भी चुरा लिया।

सुबह टूटा ताला देख मचा शोर

आज सुबह मंदिर पहुंचे पुजारी उस वक्त हैरान रह गए जब उन्होंने मंदिर का ताला टूटा हुआ और पूजा का सामान बिखरा देखा। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। जानकारी मिलते ही पुलिस के साथ फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल से सबूत जुटाने का काम शुरू किया गया।

ये भी पढ़ें:

WhatsApp Image 2026-02-04 at 11.38.02 AM

मास्क पहनकर आए चोर, खंगाले जा रहे सीसीटीवी फुटेज

जांच के दौरान पता चला है कि चोरों ने मंदिर के चैनल गेट का ताला तोड़कर प्रवेश किया था। शुरुआती संकेतों में सामने आया है कि वारदात के समय एक चोर ने मंकी मास्क पहन रखा था ताकि उसकी पहचान न हो सके। हैदरगढ़ के थाना प्रभारी अभिमन्यु मल्ल के मुताबिक सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है और जल्द ही चोरी का खुलासा किया जाएगा।

लगातार हो रही चोरी से सुरक्षा पर सवाल

यह घटना जिले में मंदिरों को निशाना बनाए जाने की बढ़ती घटनाओं की ओर इशारा करती है। आज ही बड्डूपुर थाना क्षेत्र के भगौली तीर्थ स्थित एक मंदिर से भी पूजा सामग्री चोरी होने की सूचना मिली है। बीते एक महीने में कई मंदिरों में चोरी हो चुकी है, जिससे धार्मिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।

ये भी पढ़ें  मां को 'बॉय' कहकर निकला इकलौता बेटा, स्कूल पहुंचने से पहले हादसे ने छीन ली जिंदगी

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button