लखनऊ, 5 फरवरी 2026:
यूपी के पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल किया गया है। बुधवार देर रात जारी आदेश में कई वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के तबादले कर दिए गए। इस फेरबदल में जोन स्तर से लेकर जिला स्तर तक व्यापक बदलाव देखने को मिला है।
अयोध्या के आईजी रहे प्रवीण कुमार को प्रोन्नति के बाद लखनऊ जोन का अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) नियुक्त किया गया है। वहीं, हाल ही में एडीजी पद से प्रोन्नत हुए सुजीत पांडेय को अग्निशमन एवं आपात सेवाओं का महानिदेशक (डीजी) बनाया गया है। वह अब तक एडीजी जोन लखनऊ के पद पर तैनात थे। आर्थिक अपराध अनुसंधान संगठन (ईओडब्ल्यू) के आईजी केएस इमैन्युअल को डीजीपी का जीएसओ नियुक्त किया गया है।
कानपुर नगर के संयुक्त पुलिस आयुक्त विनोद कुमार सिंह को भीमराव अंबेडकर पुलिस अकादमी मुरादाबाद का आईजी बनाया गया है। गाजियाबाद के अपर पुलिस आयुक्त आलोक प्रियदर्शी को वाराणसी का अपर पुलिस आयुक्त नियुक्त किया गया है। वहीं, गोरखपुर के एसएसपी राजकरन नैय्यर को प्रोन्नति के बाद गाजियाबाद का अपर पुलिस आयुक्त बनाया गया है।

इसके अलाव मिर्जापुर के एसपी सोमेन बर्मा को प्रोन्नति देकर अयोध्या परिक्षेत्र का डीआईजी नियुक्त किया गया है। लखीमपुर खीरी के एसपी संकल्प शर्मा और मेरठ के एसएसपी विपिन टाडा को प्रोन्नत कर कानपुर नगर का संयुक्त पुलिस आयुक्त बनाया गया है। पीलीभीत के एसपी अभिषेक यादव को एटीएस का डीआईजी, सहारनपुर के एसएसपी आशीष तिवारी को तकनीकी सेवाओं का डीआईजी तथा पीटीसी मुरादाबाद के एसपी प्रताप गोपेन्द्र यादव को डीआईजी पुलिस मुख्यालय बनाया गया है। संभल की एएसपी अनृकृति शर्मा को गौतमबुद्धनगर कमिश्नरेट का अपर पुलिस उपायुक्त नियुक्त किया गया है।

जिला स्तर पर भी व्यापक बदलाव किए गए हैं। सुल्तानपुर के एसपी कुंवर अनुपम सिंह को जौनपुर का एसएसपी बनाया गया है। मुरादाबाद की नौवीं वाहिनी पीएसी की सेनानायक ख्याति गर्ग को लखीमपुर खीरी का एसपी नियुक्त किया गया है। रायबरेली के एसपी यशवीर सिंह को बस्ती, गाजियाबाद की 47वीं वाहिनी पीएसी की सेनानायक चारू निगम को सुल्तानपुर, बस्ती के एसपी अभिनन्दन को सहारनपुर, जौनपुर के एसपी डॉ. कौस्तुभ को गोरखपुर भेजा गया है।
इसके अलावा एसएसएफ प्रथम वाहिनी के सेनानायक अविनाश पांडेय को मेरठ, सीतापुर की 11वीं वाहिनी पीएसी के सेनानायक रवि कुमार को रायबरेली तथा अभिसूचना आगरा के एसपी सुकीर्ति माधव को अमेठी का एसपी नियुक्त किया गया है।
सरकार के इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल को आगामी चुनौतियों और कानून-व्यवस्था की मजबूती से जोड़कर देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि नए दायित्वों के साथ ये अधिकारी प्रदेश में अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने में अहम भूमिका निभाएंगे।






