HealthUttar Pradesh

लखनऊ : निर्वाण संस्था के बीमार बच्चों में से एक और की मौत, अब तक चार ने तोड़ा दम

लखनऊ, 27 मार्च 2025:

यूपी की राजधानी लखनऊ के मोहन रोड स्थित निर्वाण संस्था में रह रहे मानसिक मंदित बच्चों की तबीयत बिगड़ने का मामला गंभीर बना है। गुरुवार को इलाज के दौरान एक और बच्चे सूरज की मौत हो गई। इस घटना में अब तक कुल चार बच्चों की जान जा चुकी है।

गंभीर हालत के चलते 24 बच्चों को लोकबंधु अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इनमें से सोमवार को 12 वर्षीय शिवांक, मंगलवार को 15 वर्षीय रेनू और 12 वर्षीय दीपा की मौत हो गई थी। गुरुवार सुबह सूरज ने भी दम तोड़ दिया। हालांकि छह बच्चों को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है। 15 बच्चों का इलाज अभी जारी है।

कमिश्नर और डीएम ने किया निरीक्षण

ये भी पढ़ें:

घटना के बाद जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग सक्रिय हो गया है। गुरुवार सुबह मंडलायुक्त रोशन जैकब और डीएम विशाख जी ने लोकबंधु अस्पताल पहुंचकर बच्चों के स्वास्थ्य की जानकारी ली। बुधवार को डीएम ने अपनी टीम के साथ निर्वाण संस्था का निरीक्षण किया और संस्था के संचालक, अधीक्षिका व कर्मचारियों से मामले की विस्तृत जानकारी ली।

रात का खाना खाने के बाद बिगड़ी थी बच्चों की तबीयत

संस्था प्रशासन के अनुसार 22 मार्च की रात बच्चों को सामान्य भोजन दिया गया था। खाना खाने के कुछ देर बाद ही कुछ बच्चों को उल्टी और पेट दर्द की शिकायत हुई। धीरे-धीरे अन्य बच्चों की भी तबीयत बिगड़ने लगी, जिसके बाद 24 बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके अलावा, 46 अन्य बच्चों का इलाज संस्था परिसर में ही स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा किया गया, जिनकी स्थिति अब बेहतर बताई जा रही है।

फूड पॉइजनिंग की आशंका, जांच जारी

लोकबंधु अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अजय शंकर त्रिपाठी के मुताबिक भर्ती बच्चों को उल्टी और दस्त की शिकायत थी, जिसका कारण दूषित भोजन या पानी हो सकता है। सीएमओ डॉ. एनबी सिंह के अनुसार स्वास्थ्य विभाग लगातार बच्चों की निगरानी कर रहा है। फूड पॉइजनिंग की आशंका के चलते संस्था के भोजन और पानी के नमूनों की भी जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही कारण का पता चल सकेगा।

ये भी पढ़ें  गुरुग्राम : ICU में एयर होस्टेस से दुष्कर्म करने वाला आरोपी गिरफ्तार, 800 CCTV खंगाल पुलिस के हाथ आया दरिंदा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button