Lucknow City

चोरी की कार से अपहरण करने आए संदिग्ध… शोर मचा तो भागे बदमाश, पुलिस की देरी से ग्रामीणों में गुस्सा

मोहनलालगंज के सोहावा गांव में स्कूल जा रहे बच्चों के अपहरण की कोशिश से हड़कंप मच गया, जहां बच्चों की सूझबूझ से बड़ी वारदात टल गई। घटना के बाद पुलिस की देरी को लेकर ग्रामीणों ने आक्रोश जताया

एमएम खान

मोहनलालगंज (लखनऊ), 5 फरवरी 2026: 

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में मोहनलालगंज के सोहावा गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब स्कूल जा रहे बच्चों के अपहरण की कोशिश की गई। बताया जा रहा है कि चोरी की एक कार से पहुंचे संदिग्ध बदमाशों ने साइकिल से स्कूल जा रहे बच्चों को रोककर जबरन कार में बैठाने का प्रयास किया। अचानक हुई इस घटना से घबराए बच्चे साइकिलें छोड़कर शोर मचाते हुए गांव की ओर भागे और ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी।

शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीण, कार छोड़कर भागे बदमाश

ये भी पढ़ें:

बच्चों की चीख-पुकार सुनते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और संदिग्धों को घेर लिया। ग्रामीणों के विरोध पर बदमाशों ने पेट्रोल खत्म होने का बहाना बनाते हुए खुद को किसी काम से गांव में आने की बात कही। इसी दौरान उन्होंने ग्रामीणों के मोबाइल फोन छीनने की कोशिश भी की, लेकिन भीड़ बढ़ती देख बदमाश कार छोड़कर मौके से फरार हो गए।

Advertisement

10 बच्चे जा रहे थे स्कूल, पुलिस पर लापरवाही का आरोप

ग्रामीणों के मुताबिक सोहावा गांव के करीब 10 बच्चे साइकिल से पूर्व प्राथमिक विद्यालय जैती खेडा पढ़ने जा रहे थे। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई, लेकिन आरोप है कि 24 घंटे से ज्यादा समय तक न तो पुलिस मौके पर पहुंची और न ही कोई ठोस कार्रवाई हुई। इससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। गुरुवार को ग्रामीण एकजुट होकर सामने आए, तब जाकर पुलिस हरकत में आई और जांच शुरू की गई।

कार से आपत्तिजनक वस्तुएं मिलने का दावा

मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और बच्चों व ग्रामीणों से पूछताछ की। ग्रामीणों का दावा है कि संदिग्ध कार के अंदर से आपत्तिजनक वस्तुएं बरामद हुई हैं, इसके बावजूद शुरुआती स्तर पर पुलिस का रवैया ढीला रहा। जानकारी के अनुसार यह कार सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र के एक दरोगा की चोरी की बताई जा रही है, जिसकी जांच भी की जा रही है। हालांकि अभी तक कोई शिकायतकर्ता सामने नहीं आया है और न ही किसी ने लिखित तहरीर दी है।

गांव में दहशत, सुरक्षा बढ़ाने की मांग

इस घटना के बाद से गांव में डर का माहौल है। ग्रामीण राजकुमार, धर्मेंद्र और धीरज सहित अन्य लोगों का कहना है कि अभिभावक बच्चों को अकेले स्कूल भेजने से कतरा रहे हैं। ग्रामीणों ने क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर चिंता जताते हुए स्कूल मार्गों पर नियमित पुलिस गश्त, संदिग्ध वाहनों की सघन जांच और संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। वहीं एसीपी मोहनलालगंज विकास पांडेय ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और जल्द ही संदिग्धों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें  प्रेम प्रसंग में युवक ने किया सुसाइड....परिजनों का हाइवे पर हंगामा, प्रेमिका के मामा पर एफआईआर की मांग रखी

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link