खेल डेस्क, 7 फरवरी 2026:
फटाफट क्रिकेट के महासमर टी20 विश्वकप का आज रोमांचक आगाज हो गया। उद्घाटन मुकाबले में पाकिस्तान और नीदरलैंड की टीमें आमने-सामने हैं। यह मुकाबला श्रीलंका के कोलंबो स्थित ऐतिहासिक सिंहली स्पोर्ट्स क्लब मैदान पर खेला जा रहा है, जहां दर्शकों को पहले ही मैच में भरपूर रोमांच देखने को मिल रहा है।
पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।
शुरुआती ओवरों में पाकिस्तान के गेंदबाजों ने कसी हुई लाइन-लेंथ से दबाव बनाया लेकिन नीदरलैंड के बल्लेबाजों ने आक्रामक रुख अपनाते हुए पावरप्ले में ही अपने इरादे साफ कर दिए। छह ओवर के खेल के बाद नीदरलैंड ने दो विकेट के नुकसान पर 50 रन बना लिए हैं। इसके बाद क्रीज पर बास डी लीडे और कॉलिन एकरमैन रन गति को बनाए रखने की कोशिश करते दिखे।
नीदरलैंड को पहला झटका चौथे ओवर में 28 रन के स्कोर पर लगा जब सलमान मिर्जा ने मैक्स ओ’डॉड को विकेटकीपर उस्मान खान के हाथों कैच करा दिया। ओ’डॉड केवल पांच रन ही बना सके। इसके बाद पांचवें ओवर में मोहम्मद नवाज ने माइकल लेविट को पवेलियन भेजा। लेविट ने बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की लेकिन बाउंड्री लाइन पर बाबर आजम ने शानदार फील्डिंग का नमूना पेश किया। संतुलन बिगड़ता देख बाबर ने गेंद अंदर उछाली जिसे शाहीन अफरीदी ने सुरक्षित लपक लिया। लेविट ने 15 गेंदों में 24 रनों की तेज पारी खेली।
पाकिस्तान की ओर से शाहीन अफरीदी, शादाब खान और मोहम्मद नवाज पर मध्य ओवरों में रन गति थामने की जिम्मेदारी थी। वहीं नीदरलैंड की टीम बास डी लीडे और कॉलिन एकरमैन से बड़ी साझेदारी की उम्मीद लगाए थी। विश्वकप के पहले ही मुकाबले में दोनों टीमों की इस टक्कर ने टूर्नामेंट के रोमांचक होने के संकेत दे दिए हैं।
नीदरलैंड टीम के प्लेयर्स
माइकल लेविट, मैक्स ओ’डॉड, बास डी लीडे, कॉलिन एकरमैन, स्कॉट एडवर्ड्स (विकेटकीपर/कप्तान), जैक लायन कैशे, लोगन वान बीक, रोल्फ वान डर मर्व, आर्यन दत्त, काइल क्लेन, पॉल वान मीकेरेन।
पाकिस्तान टीम के खिलाड़ी
सैम अयूब, साहिबजादा फरहान, सलमान आगा (कप्तान), बाबर आजम, उस्मान खान (विकेटकीपर), शादाब खान, मोहम्मद नवाज, फहीम अशरफ, शाहीन अफरीदी, सलमान मिर्जा, अबरार अहमद।






