Uttarakhand

समीक्षा बैठक : कैबिनेट मंत्री ने अफसरों को चेताया, कहा…विकास कार्यों में लापरवाही अक्षम्य होगी

अल्मोड़ा में हुई बैठक, मंत्री रेखा आर्या ने सोमेश्वर की योजनाओं में तेजी और गुणवत्ता पर दिया जोर, सोलर पंपिंग योजना में गड़बड़ी की शिकायत मिली

राजकिशोर तिवारी

अल्मोड़ा, 7 फरवरी 2026:

कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने शनिवार को अल्मोड़ा विकास भवन में आयोजित समीक्षा बैठक में हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में देरी और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई होगी। बैठक में सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र से जुड़ी मुख्यमंत्री घोषणाओं और अन्य विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि जनहित से जुड़ी योजनाएं सिर्फ कागजों तक सीमित न रहें, बल्कि समय पर धरातल पर दिखनी चाहिए। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर तेजी से पूरा किया जाए, ताकि लोगों को समय पर उनका लाभ मिल सके।

ये भी पढ़ें:

बैठक में सोमेश्वर में नवनिर्मित उप जिला अस्पताल का मुद्दा भी उठा। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि अस्पताल का उद्घाटन जल्द किया जाना है, इसलिए उद्घाटन के दिन ही चिकित्सकों और जरूरी स्टाफ की तैनाती सुनिश्चित की जाए, ताकि सेवाएं तुरंत शुरू हो सकें। इस दौरान विकासखंड ताकुला के गांव बीना के तोक दुर्गाथल और गांव भेटुली के तोक लोहारखोला में सोलर पेयजल पंपिंग योजना के निर्माण में गड़बड़ी की जानकारी सामने आई।

इस पर कैबिनेट मंत्री ने जिलाधिकारी को पूरे मामले की जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि फरवरी माह में बड़ी संख्या में विकास योजनाओं के शिलान्यास प्रस्तावित हैं। इसके लिए सभी विभागों को समय रहते जरूरी औपचारिकताएं पूरी करने को कहा गया है, ताकि कार्यक्रमों के आयोजन में कोई अड़चन न आए।

कैबिनेट मंत्री ने दो टूक कहा कि जनहित के कामों की अनदेखी करने वाले अधिकारियों को बख्शा नहीं जाएगा और कार्रवाई तय है। समीक्षा बैठक में भाजपा जिला अध्यक्ष महेश नयाल, जिलाधिकारी अंशुल सिंह, मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा, परियोजना निदेशक जिला ग्राम्य विकास अभिकरण एन तिवारी, प्रभारी सीएमओ अरविंद पांगती, डीडीओ एसके पंत, उपजिलाधिकारी सदर संजय कुमार, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी रेणु भंडारी समेत विभिन्न विभागों के अफसर मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें  SIR पर कांग्रेस ने दागे सवाल, कहा-मुस्लिम वोटरों के नाम हटाने की साजिश, CEO से जांच की मांग

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link