Uttarakhand

अंकिता भंडारी मर्डर केस : कांग्रेस के तेवर बिगड़े, VIP का नाम उजागर करने की रखी मांग, प्रदेशभर में आंदोलन की तैयारी

मीडिया से रूबरू हुए कांग्रेस नेताओं ने CBI जांच की निगरानी सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश से कराने की मांग उठाई, इंडिया गेट पर प्रदर्शन के बाद आंदोलन को उत्तराखंड के हर हिस्से तक ले जाने की तैयारी

देहरादून, 15 अक्टूबर 2026:

उत्तराखंड में अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर कांग्रेस ने प्रदेश सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पार्टी ने कथित VIP की पहचान सार्वजनिक नहीं होने, जांच की निष्पक्षता पर सवाल उठने के साथ ही मामले से जुड़े कई अहम सवालों के जवाब नहीं मिलने पर नाराजगी जताई है। कांग्रेस ने साफ किया कि अंकिता को न्याय दिलाने के लिए अब प्रदेशव्यापी आंदोलन की रणनीति तैयार की जाएगी। जरूरत पड़ने पर उत्तराखंड बंद कराने का कदम भी उठाया जा सकता है।

कथित VIP की भूमिका पर उठाए सवाल

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बृहस्पतिवार को कांग्रेस भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में आरोप लगाया कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित VIP की पहचान सामने लाने के साथ उसकी भूमिका की जांच नहीं होने दी गई। उन्होंने कहा कि इस मामले में सच्चाई सामने आने के बजाय संबंधित व्यक्ति को बचाने की कोशिश किए जाने की आशंका है। गोदियाल ने प्रधानमंत्री की चुप्पी पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जनता इस मामले में न्याय चाहती है। कथित VIP को राज्यपाल बनाए जाने के संबंध में भी उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि मामले से जुड़े संदेह दूर करने के लिए स्पष्ट जवाब सामने आने चाहिए।

हरीश रावत बोले, हर परिवार की लड़ाई बन चुका है मामला

पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने अंकिता भंडारी हत्याकांड को उत्तराखंड की अस्मिता, नारी स्वाभिमान और बेटियों के सम्मान से जुड़ा मुद्दा बताया। उन्होंने कहा कि अंकिता ने अपनी जान देकर प्रदेश के स्वाभिमान की रक्षा की। अब यह लड़ाई सिर्फ उसके परिवार तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रदेश की हर बेटी के सम्मान की लड़ाई बन चुकी है। हरीश रावत ने इंडिया गेट पर हुए धरने का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदर्शन से सरकार पर दबाव बना है। उन्होंने प्रदर्शनकारियों को रात के अंधेरे में हिरासत में लिए जाने की निंदा की। उनके मुताबिक, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के इस मुद्दे पर सामने आने से अंकिता प्रकरण राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में आया है।

ये भी पढ़ें:

महिला अपराधों को लेकर भाजपा पर हमला

कांग्रेस चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष विधायक प्रीतम सिंह ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उसके शासनकाल में महिला अपराध बढ़े हैं। उन्होंने अंकिता प्रकरण को दबाने की कोशिश किए जाने का भी आरोप लगाया। चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि पार्टी में मानवता खत्म हो गई है। महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने स्पष्ट किया कि अंकिता को न्याय दिलाने के मुद्दे पर कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

Advertisement

प्रदेश के हर हिस्से तक आंदोलन ले जाने की तैयारी

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर अब आंदोलन का दायरा बढ़ाया जाएगा। इसके लिए प्रदेशव्यापी एक्शन प्लान तैयार किया जा रहा है। पार्टी इस मुद्दे को उत्तराखंड के हर हिस्से तक ले जाने की तैयारी में है। कांग्रेस का कहना है कि कथित VIP की पहचान उजागर कराने, जांच से जुड़े सवालों के जवाब हासिल करने के साथ अंकिता को न्याय दिलाने की मांग पर आंदोलन तेज किया जाएगा। पार्टी ने जरूरत पड़ने पर प्रदेश बंद कराने की बात भी कही है। पत्रकार वार्ता में मुख्य प्रवक्ता गरिमा दसौनी, राजेंद्र शाह, पंखुड़ी पाठक, महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी, डॉ. प्रतिमा सिंह सहित पार्टी के कई नेता मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें  धामी-रिजिजू ने दिया लोक संस्कृति को नया मंच, उत्तराखंड ने बनाया देश का ये पहला रिकॉर्ड

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link