
राजकिशोर तिवारी
देहरादून/पौड़ी, 30 जून 2026:
उत्तराखंड में सहकारिता मंत्रालय की स्थापना के पांच साल पूरे होने पर सहकारिता सप्ताह-2026 की शुरुआत हो गई है। राज्य स्तरीय कार्यक्रम का शुभारंभ पौड़ी में सहकारिता मंत्री डॉ धन सिंह रावत ने किया। सप्ताहभर चलने वाले इस अभियान के दौरान प्रदेश की सभी 670 बहुउद्देशीय सहकारी समितियों, राज्य सहकारी बैंक, जिला सहकारी बैंक समेत दूसरी सहकारी संस्थाओं में जागरूकता, प्रशिक्षण, जनसहभागिता सहित कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
डॉ धन सिंह रावत ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में देश में सहकारिता आंदोलन को नई रफ्तार मिली है। पैक्स के कंप्यूटरीकरण, दुनिया की सबसे बड़ी अनाज भंडारण योजना, किसानों तक आधुनिक सुविधाएं पहुंचाने जैसे कदमों से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का फोकस सहकारिता को हर गांव तक पहुंचाने पर है, ताकि किसान, महिलाएं और युवा आर्थिक रूप से मजबूत बन सकें।
उन्होंने बताया कि प्रदेश के एक लाख युवाओं को सहकारिता आंदोलन से जोड़ने की कार्ययोजना पर तेजी से काम चल रहा है। इसके जरिए रोजगार और स्वरोजगार के नए मौके तैयार किए जाएंगे। सहकारी समितियों को डिजिटल बनाने की दिशा में भी लगातार काम हो रहा है, जिससे किसानों को बेहतर सेवाएं आसानी से मिल सकें।
मंत्री ने कहा कि किसानों को ब्याजमुक्त ऋण, बेहतर Marketing सुविधाएं, आधुनिक खेती की जानकारी और दूसरी जरूरी सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। साथ ही प्रगतिशील किसानों के अध्ययन भ्रमण, किसान सम्मेलन, प्रशिक्षण कार्यक्रम और जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए भी लगातार पहल की जा रही है। पर्यावरण संरक्षण के लिए एक पेड़ मां के नाम अभियान को भी प्रदेश की सभी सहकारी समितियों के जरिए बड़े स्तर पर चलाया जाएगा, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों की भागीदारी सुनिश्चित हो सके।
उधर देहरादून स्थित उत्तराखंड राज्य सहकारी संघ सभागार में आयोजित कार्यक्रम में अपर निबंधक सहकारिता ईरा उप्रेती, संयुक्त निबंधक एमपी त्रिपाठी और रमेंद्री मंद्रवाल ने विभागीय अधिकारियों व कर्मचारियों को सहकारिता सप्ताह की शपथ दिलाई।
प्रदेश स्तरीय नोडल अधिकारी एमपी त्रिपाठी ने बताया कि सप्ताहभर सहकारिता जागरूकता अभियान, महिला व युवा सहभागिता कार्यक्रम, स्कूल और विश्वविद्यालय स्तर पर कार्यशालाएं, सहकारी संवाद, Digital Service विस्तार और Social Media Outreach जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।






