Entertainment

फैंस कर रहे थे गुड न्यूज का इंतजार…कृष 4 पर लगा ब्रेक, जानिए किस बात को लेकर फंसा मामला

ऋतिक रोशन और आदित्य चोपड़ा के बीच फ़िल्म निर्माण को लेकर बजट पर नहीं बन सकी सहमति नहीं, शूटिंग टलने के आसार

एंटरटेनमेंट डेस्क, 9 फरवरी 2026:

बॉलीवुड की सबसे चर्चित और मच अवेटेड फिल्मों में शामिल कृष 4 को लेकर फैंस के लिए एक निराश करने वाली खबर सामने आई है। लंबे समय से फिल्म के फ्लोर पर जाने का इंतजार किया जा रहा था, लेकिन अब इसकी शूटिंग आगे बढ़ती नजर नहीं आ रही है। वजह फिल्म का भारी बजट बताया जा रहा है, जिस पर अब तक सहमति नहीं बन पाई है।

बजट बना अड़चन, बातचीत जारी

ट्रेड वेबसाइट सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, कृष 4 की शूटिंग फिलहाल टाल दी गई है। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि फिल्म के बजट को लेकर निर्देशक ऋतिक रोशन और प्रोड्यूसर आदित्य चोपड़ा के बीच बातचीत चल रही है, लेकिन अब तक किसी नतीजे पर नहीं पहुंचा जा सका है। बताया जा रहा है कि ऋतिक रोशन, जो इस फिल्म के जरिए निर्देशन की दुनिया में कदम रखने जा रहे हैं, कृष 4 को बड़े पैमाने पर बनाना चाहते हैं। इसी वजह से फिल्म का अनुमानित बजट करीब 500 करोड़ रुपये तक पहुंच रहा है।

ये भी पढ़ें:

आदित्य चोपड़ा बजट सीमित रखने के पक्ष में

Advertisement

वहीं दूसरी ओर, आदित्य चोपड़ा फिल्म के बजट को लेकर सतर्क नजर आ रहे हैं। रिपोर्ट के अनुसार, वह कृष 4 का बजट 350 करोड़ रुपये से ज्यादा रखने के मूड में नहीं हैं। इसी बजट अंतर की वजह से दोनों के बीच सहमति नहीं बन पा रही है। कई दौर की बातचीत के बावजूद मामला अटका हुआ है, जिसके चलते यश राज फिल्म्स के बैनर तले बनने वाली इस फिल्म को फिलहाल रोक दिया गया है।

2026 में भी शुरू होना मुश्किल

रिपोर्ट्स में यह भी कहा जा रहा है कि बजट पर सहमति न बन पाने की स्थिति में कृष 4 का निर्माण 2026 में शुरू होना भी मुश्किल नजर आ रहा है। इससे पहले उम्मीद जताई जा रही थी कि फिल्म इसी साल फ्लोर पर आ जाएगी और शूटिंग शुरू हो जाएगी, लेकिन मौजूदा हालात को देखते हुए इसमें देरी तय मानी जा रही है।

अन्य प्रोडक्शन हाउस से बातचीत में जुटे ऋतिक

हालांकि फिल्म अटकी जरूर है, लेकिन पूरी तरह रुकी नहीं है। बताया जा रहा है कि ऋतिक रोशन लगातार फिल्म की स्क्रिप्ट पर काम कर रहे हैं। साथ ही सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, वह अन्य प्रोडक्शन हाउस से भी संपर्क में हैं, जो उनकी सोच और बजट के मुताबिक कृष 4 को बनाने के लिए तैयार हो सकें। फिलहाल फैंस को आधिकारिक ऐलान का इंतजार है कि कृष 4 कब फ्लोर पर जाएगी और सुपरहीरो एक बार फिर बड़े पर्दे पर कब लौटेगा।

ये भी पढ़ें  IFFI 2025 : 'कांतारा' की तारीफ में रणवीर सिंह का बयान विवादों में...सोशल मीडिया पर दिखा गुस्सा

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link