Hardoi City

जयमाल से पहले टूटी शादी…स्टेज पर कुछ ऐसा तमाशा हुआ कि बिना दुल्हन लौट गई बारात

देर रात तक चली पंचायत, पुलिस ने भी की सुलह कराने की कोशिश, सब नाकाम रहा, 15-20 दिन में हालात ठीक होने की शर्त सपर दोबारा बारात लाने की बनी सहमति

हरदोई, 10 फरवरी 2026:

पाली कस्बे के एक मैरिज लान में चल रही शादी की खुशियां उस वक्त अचानक फीकी पड़ गईं, जब जयमाल से ठीक पहले दूल्हे ने शादी करने से मना कर दिया। वजह दुल्हन का असामान्य व्यवहार बताया जा रहा है। देर रात तक पंचायत और पुलिस के समझाने के बाद भी बात नहीं बनी और आखिरकार बारात बिना दुल्हन के ही वापस लौट गई।

बताया गया कि दुल्हन के पिता ने शाहजहांपुर जिले के परौल थाना क्षेत्र के ग्राम देवहड़ा निवासी भूपेंद्र सिंह के साथ अपनी बेटी का रिश्ता तय किया था। तय कार्यक्रम के मुताबिक शाम को पाली स्थित एक मैरिज लान में विवाह समारोह आयोजित किया गया। दूल्हा भूपेंद्र सिंह धूमधाम से बारात लेकर पहुंचा, जहां लड़की पक्ष ने रीति रिवाज के साथ सभी का स्वागत किया। बाराती नाश्ते में लगे रहे इधर रस्में चलतीं रहीं।

द्वारचार तक सभी रीति रिवाज सामान्य रूप से पूरे होते रहे। इसके बाद जयमाल की तैयारी शुरू हुई। दूल्हा स्टेज पर पहुंचा और कुछ देर बाद दुल्हन भी वहां आई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, स्टेज पर पहुंचते ही दुल्हन ने दूल्हे का हाथ पकड़कर खींच लिया और फिर ऐसा व्यवहार किया, जिससे वहां मौजूद लोग भी हैरान रह गए। दुल्हन ने इस दौरान ऐसी हरकतें कि दूल्हा तो असहज हुआ ही मेहमान भी खुसफुसाने लगे।

इस पर दूल्हे को दुल्हन की मानसिक हालत को लेकर संदेह हुआ और उसने वहीं जयमाल से साफ इंकार कर दिया। दूल्हे के इंकार के बाद लड़की पक्ष ने दलील दी कि दुल्हन को तेज बुखार है और इसी वजह से उसकी तबीयत ठीक नहीं है। हालांकि दूल्हा और उसके घरवाले इस सफाई से संतुष्ट नहीं हुए।

दोनों पक्षों के रिश्तेदारों और समाज के लोगों ने काफी देर तक पंचायत की, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। दूल्हा अपने फैसले पर अड़ा रहा। रात करीब डेढ़ बजे पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने भी दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, मगर दूल्हा शादी के लिए राजी नहीं हुआ।

आखिरकार पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच यह सहमति बनी कि यदि 15 से 20 दिनों के भीतर दुल्हन की तबीयत पूरी तरह ठीक हो जाती है, तो दूल्हा दोबारा बारात लेकर आएगा। यदि ऐसा नहीं होता है, तो आगे का फैसला आपसी पंचायत के जरिए किया जाएगा। थाना प्रभारी सोमपाल गंगवार ने बताया कि दोनों पक्षों में आपसी सहमति बन गई है, जिसके बाद बाकरात बिना दुल्हन के वापस लौट गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button