देहरादून, 12 फरवरी 2026:
सचिवालय सभागार में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन ऑफ उत्तराखंड लिमिटेड पिटकुल की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में पिछले वर्षों में पूरी हुई बड़ी परियोजनाओं से लेकर एडीबी और नॉन एडीबी फंड से चल रही योजनाओं तक हर पहलू पर चर्चा हुई।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री घोषणाओं के तहत शिलान्यास की गई योजनाएं, आरईसी और पीएफसी से फंडेड प्रोजेक्ट, साल 2025-26 के लिए अतिरिक्त अंश पूंजी की जरूरत, मास्टर प्लान, आपदा मद में नुकसान की भरपाई और स्टाफ की कमी जैसे मुद्दों पर भी गंभीर मंथन किया गया।

मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि बिजली वितरण में लॉस को हर हाल में कम किया जाए। बिजली चोरी पर सख्ती से रोक लगे और जहां लापरवाही मिले वहां कार्रवाई हो। आने वाले गर्मी के सीजन को देखते हुए यूजेवीएनएल, पिटकुल और यूपीसीएल को अभी से पूरी तैयारी करने को कहा गया। मार्च तक सभी औपचारिकताएं पूरी कर अप्रैल तक नई परियोजनाएं शुरू करने के निर्देश दिए गए।
सीएसआर फंड के लिए अलग खाता खोलकर रकम का सही और ज्यादा से ज्यादा इस्तेमाल करने को भी कहा गया। विभिन्न जिलों में एडीबी से फंडेड उपकेंद्रों के मामलों को जल्द निपटाने पर जोर दिया गया। एडीबी के दूसरे चरण में बहादराबाद, कोटद्वार, भिकियासैंण, कपकोट और नंदप्रयाग में जमीन आवंटन और ट्रांसफर की प्रक्रिया एक हफ्ते में पूरी करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। मुख्यमंत्री घोषणाओं के तहत जिन परियोजनाओं का शिलान्यास हो चुका है, उन्हें अब और लटकाने की गुंजाइश नहीं है। उनकी नियमित मॉनिटरिंग और तय समय में पूरा करने पर जोर दिया गया।
पिटकुल के प्रबंध निदेशक यू.सी. ध्यानी ने बताया कि आरईसी ने कंपनी की क्रेडिट रेटिंग A+ से बढ़ाकर A++ कर दी है। इससे भविष्य में मिलने वाले कर्ज पर 0.5 फीसदी अतिरिक्त छूट मिलेगी और इसका फायदा सीधे बिजली उपभोक्ताओं को कम टैरिफ के रूप में मिलेगा। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पावर लाइन पत्रिका ने पिटकुल को पावर लाइन ट्रांस टेक इंडिया अवार्ड 2025 से सम्मानित किया है। यह अवार्ड वित्तीय वर्ष 2024-25 में बेहतर प्रदर्शन और न्यूनतम लाइन लॉस के लिए दिया गया।
बैठक में मुख्य सचिव आनंद बर्धन, प्रमुख सचिव आर के सुधांशु और आर मीनाक्षी सुंदरम, सचिव पंकज पांडेय, सी रवि शंकर, डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम, विनय शंकर पाण्डेय, यूजेवीएनएल के प्रबंध निदेशक डॉ. संदीप सिंघल और यूपीसीएल के प्रबंध निदेशक अनिल कुमार समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।






