बिजनेस डेस्क, 14 फरवरी 2026:
सोने की कीमत में इस हफ्ते हल्की तेजी देखने को मिली, जबकि चांदी के दाम में गिरावट आई।दरअसल शुक्रवार को सोना 687 रुपये बढ़कर 1,52,765 रुपये प्रति 10 ग्राम पहुंच गया। इससे पहले 6 फरवरी को यह 1,52,078 रुपये पर था। दूसरी ओर, चांदी की कीमत 2,496 रुपये घटकर 2,42,433 रुपये प्रति किलो रह गई। 6 फरवरी को इसका भाव 2,44,929 रुपये प्रति किलो था। हालांकि इसी हफ्ते 11 फरवरी को सोना 1,57,322 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी 2,66,449 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई थी।
पिछले डेढ़ महीने में सोने-चांदी में रही जोरदार तेजी
अगर इस साल की शुरुआत से तुलना करें तो सोने और चांदी दोनों ने अच्छा उछाल दिखाया है। 31 दिसंबर 2025 को 24 कैरेट सोना 1,33,195 रुपये प्रति 10 ग्राम था, जो अब बढ़कर 1,52,765 रुपये हो गया है। यानी सिर्फ 44 दिनों में सोना 19,570 रुपये महंगा हुआ है। चांदी की बात करें तो 31 दिसंबर 2025 को इसका भाव 2,30,420 रुपये प्रति किलो था, जो अब 2,42,433 रुपये पहुंच गया है। इस तरह चांदी 12,013 रुपये महंगी हो चुकी है।
पिछले साल सोने-चांदी में रही रिकॉर्ड बढ़त
पूरे 2025 की बात करें तो सोने ने निवेशकों को 75 प्रतिशत का रिटर्न दिया। 31 दिसंबर 2024 को 10 ग्राम 24 कैरेट सोना 76,162 रुपये था, जो 31 दिसंबर 2025 तक बढ़कर 1,33,195 रुपये हो गया। यानी साल भर में करीब 57,000 रुपये की तेजी दर्ज की गई। चांदी ने तो इससे भी ज्यादा उछाल दिखाया। 31 दिसंबर 2024 को एक किलो चांदी 86,017 रुपये की थी, जो साल के आखिर तक 2,30,420 रुपये पहुंच गई। यानी करीब 1.44 लाख रुपये की बढ़त और 167 प्रतिशत का रिटर्न मिला।
सोना खरीदते समय रखें इन चीजों का ध्यान
सोना खरीदते समय दो बातों का खास ध्यान रखें। पहला, हमेशा बीआईएस हॉलमार्क वाला सर्टिफाइड सोना ही खरीदें। हॉलमार्क नंबर अल्फान्यूमेरिक होता है, जैसे AZ4524, जिससे सोने की शुद्धता की जानकारी मिलती है। दूसरा, खरीदारी से पहले अलग अलग स्रोतों से उस दिन का रेट जरूर जांच लें। सोने का भाव 24 कैरेट, 22 कैरेट और 18 कैरेट के हिसाब से अलग होता है, इसलिए सही जानकारी के बाद ही खरीदारी करें।






