Uttar Pradesh

माघ मेले का आज अंतिम स्नान…उत्सव का दिखा माहौल, जय गंगा मैया-हर हर महादेव से गूंजा संगम

प्रयागराज में ब्रह्म मुहूर्त से श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी, शाम तक एक करोड़ लोगों के स्नान का अनुमान

प्रयागराज, 15 फरवरी 2026:

महाशिवरात्रि पर्व पर रविवार को त्रिवेणी संगम में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। गंगा, यमुना और अदृश्य सरस्वती के संगम पर सुबह से ही श्रद्धालु स्नान के लिए पहुंचने लगे। माघ मेला 2026 के छठे और अंतिम स्नान पर्व के चलते पूरे मेला क्षेत्र में उत्सव का माहौल दिखाई दिया।

बता दें माघ मेले में अब तक 22 करोड़ से अधिक श्रद्धालु स्नान कर चुके हैं, जो अपने आप में एक नया रिकॉर्ड माना जा रहा है। महाशिवरात्रि के अंतिम स्नान पर्व के साथ ही माघ मेला 2026 का औपचारिक समापन हो जाएगा। इसी वजह से आज ब्रह्म मुहूर्त से ही संगम के विभिन्न घाटों पर श्रद्धालु आस्था की डुबकी लगाते नजर आए। मेला प्रशासन के अनुसार सुबह सात बजे तक 16 लाख से अधिक लोग स्नान कर चुके थे। अधिकारियों का अनुमान है कि देर शाम तक यह संख्या एक करोड़ के आसपास पहुंच सकती है।

65e66677-743b-4375-b435-04d58e3bed99

महाशिवरात्रि पर ग्रह नक्षत्रों का विशेष संयोग होने से इस दिन स्नान और दान का महत्व और बढ़ गया है। श्रद्धालु अन्न, वस्त्र और अन्य वस्तुओं का दान भी कर रहे हैं। मनकामेश्वर सहित शहर के प्रमुख शिव मंदिरों में सुबह से ही लंबी कतारें लगी रहीं।

माघ मेले के 44वें और आखिरी दिन को लेकर प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। करीब साढ़े तीन किलोमीटर लंबे घाट पर स्नान की व्यवस्था की गई है ताकि भीड़ को नियंत्रित रखा जा सके। श्रद्धालु स्नान के बाद शहर के शिवालयों में पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक भी कर रहे हैं।

सुरक्षा के लिहाज से पूरे मेला क्षेत्र को हाई अलर्ट पर रखा गया है। यूपी पुलिस, पीएसी और आरएएफ के जवान तैनात हैं, जबकि एटीएस कमांडो भी लगातार निगरानी कर रहे हैं। मेले की सुरक्षा के लिए लगभग 400 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनमें बड़ी संख्या में एआई कैमरे भी शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button