Sitapur City

नशे में घर आए युवक ने खून से रंग डाला आंगन… भाई-भाभी की हत्या, दूसरा भाई घायल

खाना खा रहे भाई पर बरसाईं गालियां, विरोध करने पर चाकू से गोद डाला, बेरहमी देख पड़ोसियों ने बंद कर लिए दरवाजे, वारदात से चार बच्चे हुए अनाथ, एम्बुलेंस सेवा की गंभीर लापरवाही आई सामने

सीतापुर, 19 फरवरी 2026:

नैमिषारण्य थाना क्षेत्र के ठाकुरनगर गांव में घर मे उपजे मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। नशे में धुत एक युवक ने अपने ही बड़े भाई, भाभी और छोटे भाई पर चाकू से हमला कर दिया। इस वारदात में पति-पत्नी की मौत हो गई, जबकि तीसरा भाई गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती है। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया और गांव में दहशत फैल गई।

बताया गया कि ठाकुरनगर निवासी हरीश (40) अपनी पत्नी पूनम (38) और छोटे भाई रामू (27) के साथ घर पर खाना खा रहे थे। इसी दौरान उनका भाई श्यामू नशे की हालत में घर पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। हरीश ने विरोध किया तो विवाद बढ़ गया। गुस्से में श्यामू ने चाकू से हरीश पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया और पेट में कई वार किए।

हरीश को बचाने पहुंची पत्नी पूनम पर भी आरोपी ने चाकू से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए रामू पर बांके से वार कर उसे भी गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से भाग निकला। घटना के बाद हरीश के बेटे ने 108 नंबर पर कॉल कर एंबुलेंस बुलाई। तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नैमिषारण्य लाया गया, जहां डॉक्टरों ने पूनम को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल हरीश ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। रामू की हालत नाजुक होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

ये भी पढ़ें:

ग्रामीणों के अनुसार श्यामू अक्सर शराब के नशे में घरवालों से झगड़ा करता था। तीन भाइयों में हरीश सबसे बड़े थे, श्यामू दूसरे और रामू सबसे छोटे हैं। हरीश मूंगफली का ठेला लगाकर परिवार का गुजारा करते थे। उनकी मौत के बाद चारों बच्चे बेसहारा हो गए हैं। बुधवार देर शाम हुई इस घटना के बाद आसपास के लोगों ने डर के कारण अपने घरों के दरवाजे बंद कर लिए।

Advertisement

घटना के दौरान एंबुलेंस व्यवस्था को लेकर भी लापरवाही सामने आई। सीएचसी में मौजूद डॉक्टरों ने हरीश को जिला अस्पताल भेजने की तैयारी की, लेकिन उसे लेकर आई एंबुलेंस ने ले जाने से इंकार कर दिया। बाद में अधिकारियों के दखल के बाद एंबुलेंस तैयार हुई, मगर जिला अस्पताल ले जाने की प्रक्रिया शुरू होने से पहले ही हरीश ने दम तोड़ दिया। इसके बाद उसी एंबुलेंस से रामू को जिला अस्पताल भेजा गया।

ये भी पढ़ें  मेरठ हत्याकांड पर बोले बागेश्वर बाबा, कहा - भगवान का शुक्र है कि मैं शादीशुदा नहीं हूँ, नीले ड्रम से कई पति सदमे में हैं  

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link