Raebareli City

कथित तांत्रिक के इस टोने-टटके से बिगड़ी युवक की तबियत…कुएं में कूदकर दी जान

निःसन्तान दम्पति ने युवक को 20 साल पहले लिया था गोद, मां ने कहा, तांत्रिक की दी हुई भभूत से भ्रम की स्थित में था बेटा

विजय पटेल

रायबरेली, 19 फरवरी 2026:

शिवगढ़ थाना क्षेत्र में तंत्र मंत्र और झाड़ फूंक के फेर में पड़े एक युवक की जान चली गई। चतुर खेड़ा गांव में रहने वाले युवक ने कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली। बताया गया कि कथित तांत्रिक ने उसे कोई भभूत दी थी जिसे खाने के बाद वो भ्रम की स्थित में आ गया था।

शिवगढ़ क्षेत्र के रहने वाले श्रीकृष्ण ने करीब 20 वर्ष पहले संतान न होने पर एक बच्चे को गोद लिया था। उसका नाम रमेश बाबू रखा गया और दंपत्ति ने उसका पालन पोषण किया। जवान होने पर रमेश को यौन संबंधी बीमारी हो गई थी, जिसका इलाज उसकी मां कांति देवी देसी तरीके से कराती रही।

ये भी पढ़ें:

परिजनों के मुताबिक इसी दौरान किसी ने पास के गांव में झाड़ फूंक करने वाले एक बाबा के बारे में बताया। दो दिन पहले कांति देवी बेटे को वहां ले गईं, जहां झाड़ फूंक के बाद उसे भभूत दी गई। मां का कहना है कि इसके बाद रमेश की तबीयत अचानक ज्यादा खराब रहने लगी और वह एक की जगह कई लोगों के दिखाई देने की बात करने लगा।

घटना वाले दिन सुबह कांति देवी उसे कहीं इलाज के लिए ले जाने की बात कहकर पड़ोसी के घर चली गईं। इसी बीच रमेश घर से निकलकर पास के कुएं पर पहुंचा और उसमें छलांग लगा दी। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को 112 नंबर पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से युवक को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

क्षेत्राधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। यदि परिजनों की ओर से कोई तहरीर मिलती है तो पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

ये भी पढ़ें  पथ संचलन में स्वयंसेवकों पर बरसे फूल...बैंड की धुनों के बीच दिया ‘पंच-परिवर्तन’ का संदेश

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button