NationalUttar Pradesh

मोदी ने सौंपा नमो भारत कॉरिडोर, कहा…प्रोजेक्ट्स अब लटकते-भटकते नहीं, कांग्रेसी पहले से नंगे, कपड़े उतारने की क्या जरूरत

मेरठ पहुंचे पीएम, दिल्ली तक के लिए नमो भारत व मेरठ मेट्रो का शुभारंभ किया, एक ही प्लेटफॉर्म से दिल्ली व शहर के भीतर यात्रा की मिलेगी सुविधा, सीएम योगी ने किया स्वागत, सेमी कंडक्टर चिप यूनिट, मेरठ में नमो भारत के बाद पीएम द्वारा नोएडा एयरपोर्ट के उद्घटान करने की इच्छा जताई

मेरठ, 22 फरवरी 2026:

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को मेरठ से दिल्ली तक कनेक्टिविटी का खास तोहफा दिया। पीएम ने
शताब्दी नगर नमो भारत स्टेशन से ‘मेरठ मेट्रो’ एवं ‘नमो भारत ट्रेन’ का शुभारंभ किया। इस हाई स्पीड कॉरिडोर के शुभारंभ पर सीएम योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे। इस दौरान प्रधानमंत्री ने मेट्रो में सवार होकर सहयात्रियों से संवाद भी किया। उन्होंने बदलते भारत और दुनिया के नजरिए की बात करने के साथ कांग्रेस व सपा को जमकर खरीखोटी सुनाई।

यूपी समेत पूरा देश वर्ल्ड क्लास इंफ्रास्ट्रक्चर का साक्षी बना

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शताब्दी नगर में नमो भारत व मेट्रो को रवाना किया। इसके बाद एक अलग नमो भारत में पीएम व सीएम मेरठ दक्षिण स्टेशन तक गए। इसमें 17 लोग रहे जिनमें पांच स्कूली बच्चे, चार एमबीबीएस स्टूडेंट, पांच सफाईकर्मी और तीन दिल्ली के युवा उद्यमी थे। इसके बाद मेरठ दक्षिण स्टेशन से प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री जनसभा स्थल मोहिउद्दीनपुर पहुंचें।इस मौके पीएम नरेंद्र मोदी ने भारी भीड़ का अभिवादन स्वीकार कर जनसभा में कहा कि आज उत्तर प्रदेश समेत पूरा देश वर्ल्ड क्लास इंफ्रास्ट्रक्चर के नए युग का साक्षी बन रहा है। मेरठ मेट्रो, नमो भारत ट्रेन और रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम के नए सेक्शन के शुभारंभ से NCR के लोगों का जीवन और अधिक सरल, सुगम एवं सुविधाजनक बनेगा।

WhatsApp Image 2026-02-22 at 3.59.01 PM (1)

अकेले भारत ही चुनौतियों के समाधान देने में सक्षम

पीएम ने कहा कि मेरठ-हापुड़ और आसपास के इस क्षेत्र ने चौधरी चरण सिंह जी के विजन को शुरुआती दिनों से देखा है। ये हमारी सरकार का सौभाग्य रहा कि हमें चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न देने का सौभाग्य मिला। आज विकसित देश भारत के साथ जुड़ने के लिए उत्सुक हैं। क्योंकि उनको भारत के विकास में अपना भविष्य दिखता है। उनको भारत की युवाशक्ति में उम्मीद दिखती है। आज दुनिया को लगता है कि भारत वो ताकत है, जो 21वीं सदी की चुनौतियों का समाधान दे सकती है।

भारत मेट्रो के मामले में दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा नेटवर्क

मोदी ने कहा कि दुनिया के अनेक विकसित देश आज भारत के साथ व्यापारिक समझौते कर रहे हैं। देश में ये पहली बार हो रहा है जब एक ही स्टेशन, एक ही ट्रैक पर नमो भारत और मेट्रो रेल चलेगी। यानी एक ही प्लेटफॉर्म से आप शहर के भीतर भी यात्रा कर पाएंगे और उसी स्टेशन से सीधे दिल्ली भी आ-जा सकते हैं। भारत दुनिया में मेट्रो के मामले में तीसरा बड़ा नेटवर्क बन गया है। हमने घोटाले भी बंद किए और देश को आत्मनिर्भरता के रास्ते पर आगे बढ़ाया।

WhatsApp Image 2026-02-22 at 3.58.58 PM

परियोजनाएं अब लटकती-भटकती नहीं

उन्होंने कहा कि हमारी कार्यसंस्कृति ये है कि जिस काम का शिलान्यास किया जाए, उसे पूरा करने के लिए दिन-रात एक कर दिया जाए। इसलिए अब परियोजनाएं पहले की तरह लटकती, भटकती नहीं हैं। नमो भारत हो या मेट्रो सेवा, दोनों का शिलान्यास करने का अवसर मुझे ही मिला था और आज मुझे ही इनके लोकार्पण का भी सौभाग्य मिला है।

भारत की सफलता नहीं पचा पा रहे राजनीतिक दल

इस दौरान पीएम के निशाने पर कांग्रेस रही। उन्होंने कहा कि एक तरफ देशवासी भारत को विकसित बनाने के लिए दिन-रात मेहनत कर रहे हैं, लेकिन देश में ही कुछ राजनीतिक दल हैं जो भारत की सफलता को पचा नहीं पा रहे हैं। अभी आपने देखा कि भारत में दुनिया का सबसे बड़ा AI Impact Summit हुआ। दुनिया भर के 80 से अधिक देशों के प्रतिनिधि दिल्ली आए। दुनिया के विकासशील देशों में ऐसा सम्मेलन आज तक कभी नहीं हुआ। समिट भाजपा का समारोह नहीं था, ये देश का कार्यक्रम था, देश के सम्मान का कार्यक्रम था। लेकिन कांग्रेस ने परसों सारी मर्यादाएं तोड़ दीं। कांग्रेस, समाजवादी पार्टी की जब दिल्ली में सरकार थी तब यह सब संभव ही नहीं था क्योंकि तब इंफ्रास्ट्रक्चर की परियोजनाएं घोटालों में ही गुम हो जाती थी। मेट्रो जैसी और उससे जुड़ी अधिकतर तकनीक भी हमें विदेशों से आयात करनी पड़ती थी। हमने घोटाले भी बंद किए और देश को आत्मनिर्भरता के रास्ते पर भी आगे बढ़ाया।

WhatsApp Image 2026-02-22 at 3.58.58 PM (1)

आप पहले से नंगे तो कपड़े उतारने की जरूरत क्या

पीएम ने कहा कि कांग्रेस और इसके ईकोसिस्टम ने भारत के एक वैश्विक आयोजन को अपनी नंगी और गंदी राजनीति का अखाड़ा बना दिया। समारोह स्थल पर विदेशी अतिथियों के सामने कांग्रेस के नेता कपड़े उतार कर पहुंच गए। मैं कांग्रेस वालों से पूछता हूं कि देश तो जानता है कि आप पहले से ही नंगे हो, फिर कपड़े उतारने की जरूरत क्या पड़ी। कांग्रेस ने नेताओं ने वहां जो कुछ किया वह दिखाता है कि देश की सबसे पुरानी पार्टी कितनी दिवालिया, कितनी दरिद्र हो गई है, कांग्रेस तो अपने ही देश को बदनाम करने में जुटी है।

देश के लिए कांग्रेस बोझ, निंदा करने वालों का आभार

प्रधानमंत्री ने कहा कि महिला सांसदों को भेज करके सीट पर कब्जा करके आप प्रधानमंत्री नहीं बन सकते हो। क्या आप लोग इतने खोखले हो गए हो कि माताओं-बहनों को इसके लिए आगे कर रहे हो। कांग्रेस देश के लिए बोझ बन गई है। एक बात से मुझे संतोष है कि दिल्ली में जो घटना घटी, कांग्रेस के सभी साथी दलों ने कांग्रेस की भरपूर आलोचना करने की हिम्मत दिखाई है। मैं इसके लिए उनका सार्वजनिक रूप से आभार व्यक्त करता हूं।

नारीशक्ति के सामर्थ्य का प्रतीक नमो भारत रैपिड रेल

पीएम मोदी ने कहा कि पहले यहां शाम होते ही यहां पूरे रूट में सन्नाटा छा जाता था। यहां डर और भय का माहौल होता था। अब एक तरफ कानून व्यवस्था भी सुधरी है और दूसरी तरफ लोगों को सुविधापूर्ण और सुरक्षित यात्रा का भी माध्यम मिला है। मुझे खुशी है कि नमो भारत रैपिड रेल, ये नारीशक्ति के सामर्थ्य का प्रतीक भी बनी है। इसमें ट्रेन ऑपरेटर, स्टेशन कंट्रोल स्टाफ, ऐसे अधिकतर काम में हमारी बेटियां ही कार्यरत हैं, बेटियां ही नेतृत्व कर रही हैं।

WhatsApp Image 2026-02-22 at 3.59.00 PM

सीएम बोले- मेरठ को मिला उपहार विकसित भारत की नींव मजबूत करेगा

जनसभा में सीएम योगी आदित्यनाथ ने पीएम का आभार जताया और कहा कि प्रधानमंत्री ने गौतमबुद्ध नगर जनपद में सेमीकंडक्टर के एक नए प्लांट की आधारशिला रखी है। आने वाले समय की चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए, नए भारत में प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हमारा देश किस प्रकार आगे बढ़ रहा है, इन सभी दृश्यों के हम सब साक्षी बन रहे हैं। प्रधानमंत्री द्वारा आज एक बार फिर मेरठ को बड़ी सौगात मिली है। यह उपहार विकसित भारत की उस नींव को सुदृढ़ करने का एक नया माध्यम है, जिसमें अत्याधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर के जरिए भारत की ताकत दिखती है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लगभग तैयार हो चुका है। प्रधानमंत्री ने उसका शिलान्यास किया था। उसका उद्घाटन भी उनके हाथ से हो यह भी हर उत्तर प्रदेश वासी की इच्छा है।

ग्लोबल लीडर्स कर रहे पीएम के विजन की सराहना

योगी ने कहा कि हम सभी ने ग्लोबल लीडर्स को हमारे प्रधानमंत्री के विज़न और ज़मीन पर उस विज़न को असरदार तरीके से लागू करने की तारीफ़ करते देखा। हम सभी ने देखा कि कैसे फ्रांस के प्रेसिडेंट मैक्रों ने AI समिट में डिजिटल इंडिया की सफलता के बारे में विस्तार से बात की। उन्होंने कहा कि भारत ने कुछ ऐसा बनाया है जो दुनिया का कोई दूसरा देश हासिल नहीं कर सका। 1.4 बिलियन लोगों के लिए एक डिजिटल पहचान, मतलब 140 मिलियन लोगों की डिजिटल पहचान।

भारत के दृष्टिकोण की पूरी दुनिया में चर्चा

प्रधानमंत्री का अत्याधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर के प्रति यह विजन, विकसित भारत की उस आधारशिला का दृष्टिकोण है जिसकी आज पूरी दुनिया में चर्चा है। नमो भारत रैपिड रेल का उद्घाटन, मेट्रो का विस्तार, वंदे भारत, वाटर-वे, एक्सप्रेस-वे और डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर जैसी सुविधाएं तेजी के साथ पूरे देश में विकसित हुई हैं। आज से 10-11 वर्ष पहले मेरठ से दिल्ली की दूरी अपने आप में एक बड़ी चुनौती थी, जिसे तय करने में 4 से 5 घंटे की भारी मशक्कत करनी पड़ती थी। लेकिन आज 12 लेन के एक्सप्रेस-वे के माध्यम से दिल्ली-मेरठ जुड़ गए हैं और दिल्ली पहुंचने में मात्र 45 से 50 मिनट का समय लगता है।

WhatsApp Image 2026-02-22 at 3.59.01 PM

देश की आजादी के लिए मेरठ से हुआ था शंखनाद

मेरठ की यह धरती भारत की पौराणिक विरासत के साथ-साथ ऐतिहासिक पृष्ठभूमि और भारत के प्रथम स्वातंत्र्य समर की साक्षी रही है। क्रांतिनायक धन सिंह गुर्जर, राव कदम सिंह, क्रांतिकारी शाहमल और क्रांतिकारी मातादीन वाल्मीकि ने इसी धरा से भारत के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम का आह्वान करते हुए देश की आजादी के लिए शंखनाद किया था।

हाई स्पीड कॉरिडोर में क्या है खास

पूरा हाई-स्पीड कॉरिडोर 82.15 किमी लंबा है।इसमें 70 किमी एलिवेटेड और 12 किमी भूमिगत लंबाई शामिल है। नमो भारत और मेरठ मेट्रो परियोजना लगभग 30,274 करोड़ रुपये में तैयार हुई। पीएम ने आज ही मेरठ में लगभग 12,930 करोड़ की अन्य परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया।

ncrtcofficial-1771241315

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button