National

अमेरिका-ईरान तनाव चरम पर : भारतीय नागरिकों को ईरान छोड़ने की सलाह… हेल्पलाइन नंबर जारी

तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने बयान जारी कर भारतीय नागरिकों से अपील की है कि जल्द ईरान से बाहर निकलें, अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता दें, अपने पासपोर्ट, वीजा और अन्य ट्रैवल डॉक्यूमेंट्स हर समय साथ रखें, किसी भी आपात स्थिति में दूतावास से संपर्क करने की सलाह

न्यूज डेस्क, 23 फरवरी 2026:

अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव ने मिडिल ईस्ट की भू-राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है। हालात की गंभीरता को देखते हुए भारत सरकार ने ईरान में मौजूद अपने नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। भारतीय दूतावास तेहरान ने बयान जारी कर भारतीय नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी तरह जल्द से जल्द ईरान से बाहर निकलें और अपनी सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। दूतावास ने नागरिकों को अपने पासपोर्ट, वीजा और अन्य ट्रैवल डॉक्यूमेंट्स हर समय साथ रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में दूतावास से संपर्क करने को कहा है।

पिछले महीने ईरान में हुए हिंसक प्रदर्शनों के बाद हालात तेजी से बिगड़े हैं। संयुक्त राज्य अमेरिका ने ईरानी नेतृत्व पर दबाव बढ़ाते हुए क्षेत्र में बड़ी सैन्य तैनाती कर दी है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में यह संकेत दिया कि वह ईरान पर सैन्य कार्रवाई के विकल्प पर विचार कर रहे हैं। इससे पूरे क्षेत्र में अनिश्चितता और चिंता का माहौल बन गया है।

WhatsApp Image 2026-02-23 at 3.53.53 PM

ये भी पढ़ें:

दूसरी ओर तनाव के बीच कूटनीतिक कोशिशें भी जारी हैं। ईरान और अमेरिका के बीच परमाणु समझौते को लेकर बातचीत चल रही है, हालांकि अब तक किसी ठोस नतीजे की उम्मीद कम नजर आ रही है। इस बीच ओमान के विदेश मंत्री बद्र अल-बुसैदी ने जानकारी दी है कि दोनों देशों के बीच वार्ता का अगला दौर गुरुवार को जिनेवा में होगा। ओमान इससे पहले भी इस संवेदनशील वार्ता की मेजबानी कर चुका है।

विशेषज्ञों का मानना है कि मौजूदा हालात में कूटनीति ही तनाव कम करने का एकमात्र रास्ता है। हालांकि, सैन्य बयानबाजी और जमीनी हालात को देखते हुए क्षेत्रीय अस्थिरता का खतरा फिलहाल टलता नहीं दिख रहा। ऐसे में भारत सरकार की एडवाइजरी को ईरान में रह रहे भारतीय नागरिकों के लिए समय पर उठाया गया एहतियाती कदम माना जा रहा है।

ईरान में फंसे हुए भारतीय नागरिकों के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल सहायता मिल सके।

मोबाइल नंबर : +989128109115, +989128109109, +989128109102, +989932179359
ई-मेल cons.tehran@mea.gov.in

ये भी पढ़ें  मध्यप्रदेश : बुरहानपुर में मवेशी काटने के आरोप में चार पर मामला दर्ज, 4 क्विंटल गोमांस जब्त

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button