Unnao City

विधायक के घर आईटी के छापे मामले में अखिलेश का तंज, कहा… सरकार के लोग जापान में इसलिए पड़ी रेड

उन्नाव एक निजी कार्यक्रम में पहुंचे सपा प्रमुख ने शंकराचार्य प्रकरण, पंचायत चुनाव और वोटर लिस्ट विवाद पर भी साधा निशाना

प्रमोद पासी

उन्नाव, 25 फरवरी 2026:

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव बुधवार को उन्नाव में एक शोक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे। यहां उन्होंने दिवंगत ओमकार सिंह यादव के परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने कई राजनीतिक मुद्दों पर भाजपा सरकार को घेरा, खासकर बहुजन समाज पार्टी के विधायक के ठिकानों पर पड़े छापे को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी।

बसपा विधायक उमाशंकर के यहां आयकर विभाग की कार्रवाई पर अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा कि छापे की जानकारी आखिर किसे होती है और किसके जरिए लीक होती है, यह सब जानते हैं। उन्होंने कहा कि कुछ लोग सरकार की ओर से जापान दौरे पर गए हुए हैं, इसलिए यह कार्रवाई हो गई। अगर वे यहां होते तो पहले ही खबर मिल जाती और छापा शायद नहीं पड़ता।

अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि सरकारी एजेंसियों का इस्तेमाल राजनीतिक दबाव बनाने के लिए किया जा रहा है। उनके मुताबिक विरोधियों को निशाना बनाने के लिए जांच और कार्रवाई का सहारा लिया जा रहा है।

शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद पर दर्ज एफआईआर के सवाल पर सपा प्रमुख ने कहा कि शंकराचार्य के सम्मान की रक्षा होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि धार्मिक स्थल पर संतों के साथ दुर्व्यवहार हुआ और बाद में माफी की बात होने के बावजूद मुकदमा दर्ज कर दिया गया।

इस दौरान अखिलेश यादव ने सरकार पर किसानों की अनदेखी का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि किसान अपनी फसल बचाने के लिए खुद खेतों में तार लगाने को मजबूर हैं, जो व्यवस्था की नाकामी दिखाता है। गौशाला व्यवस्था और बजट खर्च को लेकर भी उन्होंने सवाल उठाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button