हरदोई, 27 फरवरी 2026:
हरदोई में सामने आए करोड़ों रुपये के फर्जी जीएसटी घोटाले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। करीब आठ माह पहले दर्ज मुकदमे में थाना कोतवाली शहर पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपी लंबे समय से फरार चल रहे थे।
यह मामला जून 2025 में उस समय सामने आया था, जब राज्य कर विभाग के उपायुक्त रविन्द्र कुमार की तहरीर पर अली इंटरप्राइजेज नाम की फर्म के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच में सामने आया था कि फर्म ने फर्जी कारोबार दिखाकर करीब 16.42 करोड़ रुपये का इनपुट टैक्स क्रेडिट अन्य राज्यों की कंपनियों को ट्रांसफर किया, जिससे सरकारी राजस्व को भारी नुकसान पहुंचा।
पुलिस के मुताबिक शुरुआती जांच में मुकदमा दर्ज करने के बाद साक्ष्य मिलने पर अन्य जरूरी धारा भी बढ़ाई गईं। कोतवाली शहर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दिल्ली निवासी तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें योगेन्द्र सिंह फर्त्याल निवासी ईस्ट विनोद नगर, निशांत दर्गन निवासी हरीनगर और हिमांशु कुमार निवासी राजौरी गार्डन शामिल हैं। पुलिस के अनुसार ये सभी फर्जी फर्मों और बिलिंग नेटवर्क से जुड़े हुए थे और जीएसटी घोटाले में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसियां अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और वित्तीय लेनदेन की भी पड़ताल कर रही हैं। इस मामले में पहले ही संबंधित फर्म का जीएसटी पंजीकरण निरस्त किया जा चुका है। पुलिस का मानना है कि पूछताछ के बाद घोटाले से जुड़े और बड़े खुलासे हो सकते हैं।






