लखनऊ, 28 फरवरी 2026:
आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के लाभार्थियों के लिए योगी सरकार एक और बड़ी सौगात लेकर आ रही है। अब प्रदेश के 12 कैंटोनमेंट अस्पतालों में भी आयुष्मान कार्ड धारकों को निशुल्क और उन्नत इलाज की सुविधा मिलने जा रही है। इसके लिए स्टेट हेल्थ एजेंसी (साचीज) जल्द ही इन अस्पतालों के साथ एमओयू साइन करेगी। प्रदेश में 13 कैंटोनमेंट अस्पताल हैं। इनमें प्रयागराज कैंटोनमेंट अस्पताल में यह सुविधा पहले से सफलतापूर्वक संचालित हो रही है।
इस पहल के तहत लखनऊ, कानपुर, मेरठ, बरेली, वाराणसी, अयोध्या, शाहजहांपुर, मथुरा, आगरा, फतेहपुर, झांसी और बबीना स्थित कैंटोनमेंट अस्पतालों को आयुष्मान योजना से जोड़ा जाएगा। जनवरी 2026 से प्रयागराज कैंटोनमेंट अस्पताल में आयुष्मान कार्ड धारकों को कार्डियोलॉजी, नेफ्रोलॉजी, मेडिकल व सर्जिकल ऑन्कोलॉजी जैसी गंभीर बीमारियों के इलाज की सुविधा दी जा रही है। इसके साथ ही मुफ्त ओपीडी अप्वाइंटमेंट, निशुल्क जांच और गंभीर मरीजों के लिए मुफ्त परिवहन की व्यवस्था भी की गई है। इसके सकारात्मक नतीजे सामने आए हैं।
साचीज की सीईओ अर्चना वर्मा के अनुसार लगभग सभी औपचारिक प्रक्रियाएं पूरी हो चुकी हैं।क्षएमओयू के बाद इन अस्पतालों को आयुष्मान पोर्टल से जोड़ दिया जाएगा। इससे मरीजों के उपचार, बिलिंग और क्लेम सेटलमेंट की प्रक्रिया पारदर्शी और समयबद्ध ढंग से पूरी होगी। एसीईओ डॉ. पूजा यादव ने बताया कि कैंटोनमेंट अस्पतालों के जुड़ने से आयुष्मान कार्ड धारकों को बेहतर विशेषज्ञ सेवाएं मिलेंगी, खासकर गंभीर और जटिल रोगों से पीड़ित मरीजों को उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधा उपलब्ध होगी।
इस फैसले से आम नागरिकों को सेना क्षेत्र के आधुनिक चिकित्सा संसाधनों का लाभ मिलेगा और सरकारी व निजी अस्पतालों पर बढ़ते दबाव को भी संतुलित करने में मदद मिलेगी। गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए यह कदम न सिर्फ स्वास्थ्य सुरक्षा को मजबूत करेगा बल्कि समय पर गुणवत्तापूर्ण इलाज सुनिश्चित कर जीवन रक्षक साबित होगा।






