न्यूज डेस्क, 25 मार्च 2026:
रसोई गैस (एलपीजी) सिलेंडर की बुकिंग समय-सीमा में बदलाव को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही खबरों पर केंद्र सरकार ने बड़ा और स्पष्ट स्पष्टीकरण जारी किया है। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने साफ कर दिया है कि एलपीजी रिफिल बुकिंग के नियमों में कोई बदलाव नहीं किया गया है और पहले से लागू व्यवस्था ही जारी रहेगी।
मंत्रालय के अनुसार कुछ रिपोर्ट्स और सोशल मीडिया पोस्ट में यह दावा किया जा रहा था कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (PMUY) के लाभार्थियों के लिए 45 दिन, सिंगल सिलेंडर उपभोक्ताओं के लिए 25 दिन और डबल सिलेंडर वालों के लिए 35 दिन की नई समय-सीमा लागू की गई है। सरकार ने इन सभी दावों को पूरी तरह गलत और भ्रामक बताया है।
स्पष्टीकरण में कहा गया है कि वर्तमान नियमों के तहत एलपीजी रिफिल बुकिंग की समय-सीमा शहरी क्षेत्रों में 25 दिन और ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन ही है। यह नियम सभी प्रकार के उपभोक्ताओं पर समान रूप से लागू होता है, चाहे वे उज्ज्वला योजना के लाभार्थी हों या सामान्य उपभोक्ता।
सरकार ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस तरह की अफवाहों पर विश्वास न करें और न ही उन्हें आगे बढ़ाएं। साथ ही घबराहट में अनावश्यक गैस बुकिंग से बचने की सलाह भी दी गई है। मंत्रालय ने भरोसा दिलाया है कि देश में एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और किसी प्रकार की कमी की स्थिति नहीं है।
जानकारी के अनुसार सभी रिफाइनरियां उच्च क्षमता पर काम कर रही हैं। सोमवार तक 18,700 टन कमर्शियल एलपीजी की आपूर्ति की जा चुकी है। इसके अलावा पेट्रोल और डीजल का भी पर्याप्त भंडार मौजूद है। देशभर में एक लाख से अधिक पेट्रोल पंप सामान्य रूप से संचालित हो रहे हैं। सरकार ने यह भी बताया कि पीएनजी कनेक्शन का तेजी से विस्तार हो रहा है जिससे ऊर्जा आपूर्ति और मजबूत होगी।






