अफवाह से मची अफरातफरी : लखनऊ के पेट्रोल पंपों पर उमड़ी भीड़, ‘तेल खत्म’ के बोर्ड से बढ़ी चिंता
भीड़ उमड़ने से सप्लाई पर दबाव बढ़ा और कई पंपों पर पेट्रोल अस्थायी रूप से खत्म हो गया, शहर के कई पंपों पर लगीं लंबी कतारें, प्रशासन अलर्ट, पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध होने का दावा
लखनऊ, 26 मार्च 2026:
यूपी के अन्य शहरों से उठी पेट्रोल-डीजल की कमी की अफवाह ने राजधानी लखनऊ में अचानक अफरातफरी का माहौल पैदा कर दिया। गुरुवार को शहर के कई पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें देखने को मिलीं। हालात ऐसे बने कि कई जगह ‘तेल खत्म’ के बोर्ड तक लगाने पड़े। इससे लोगों की चिंता और बढ़ गई।
अफवाह के चलते बड़ी संख्या में लोग अपने वाहनों की टंकी फुल कराने के लिए पेट्रोल पंपों पर पहुंच गए। एक साथ इतनी भीड़ उमड़ने से सप्लाई पर दबाव बढ़ा और कई पंपों पर पेट्रोल अस्थायी रूप से खत्म हो गया। खासकर हजरतगंज क्षेत्र में स्थिति ज्यादा प्रभावित दिखी जहां झलकारी बाई अस्पताल के पास स्थित पेट्रोल पंप पर पेट्रोल खत्म होने से लोगों को मायूस लौटना पड़ा। हालांकि वहां डीजल उपलब्ध था।

पेट्रोल न मिलने पर कई लोगों को करीब तीन किलोमीटर दूर अन्य पंपों की ओर रुख करने की सलाह दी गई। इसी तरह हजरतगंज के तलवार पंप, रंजन पेट्रोल पंप, पॉलिटेक्निक चौराहा स्थित पंप पर भी भारी भीड़ देखी गई। इससे अव्यवस्था के हालात बन गए। बुधवार देर रात से ही भीड़ बढ़नी शुरू हो गई थी जो गुरुवार को चरम पर पहुंच गई।
पेट्रोल पंप संचालकों का कहना है कि घबराने की जरूरत नहीं है। सप्लाई जल्द सामान्य हो जाएगी और पेट्रोल की उपलब्धता फिर से बहाल हो जाएगी। कई पंप संचालकों ने बताया कि उनके यहां अभी-अभी पेट्रोल खत्म हुआ है।नई खेप जल्द पहुंचने वाली है।
स्थिति को देखते हुए प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क हो गया है। इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश में पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। ईंधन की किसी प्रकार की कमी नहीं है। अधिकारियों ने लोगों से कहा है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और जरूरत के अनुसार ही ईंधन खरीदें। प्रशासन और तेल कंपनियां हालात को सामान्य करने में जुटी हैं। आम लोगों से संयम बरतने की अपील की जा रही है।






