UP DA Hike : लाखों कर्मचारियों की बल्ले-बल्ले! सरकार ने 3% बढ़ाया DA, नवंबर की सैलरी में मिलेगा बढ़ा पैसा
एक जुलाई से मिलेगा बढ़ोतरी का लाभ, चार महीने का एरियर भी तय, GPF और NPS कर्मचारियों के लिए अलग व्यवस्था, रिटायर होने वालों को पूरा बकाया नकद

लखनऊ, 8 नवंबर 2026:
यूपी सरकार ने दीपावली पर राज्य कर्मचारियों को बड़ी सौगात दी है। सरकार ने महंगाई भत्ते (DA) में 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी करते हुए इसे 60 से बढ़ाकर 63 प्रतिशत कर दिया है। बढ़ी हुई दर गत एक जुलाई से प्रभावी होगी। इस फैसले से प्रदेश के लाखों कर्मचारियों को सीधा फायदा मिलेगा। बढ़े हुए महंगाई भत्ते का भुगतान नवंबर के नियमित वेतन के साथ किया जाएगा। इस संबंध में शासनादेश भी जारी कर दिया गया है।
सरकार के इस फैसले का लाभ राज्य कर्मचारियों के साथ सहायता प्राप्त शिक्षण एवं प्राविधिक शिक्षण संस्थानों, शहरी स्थानीय निकायों के नियमित और पूर्णकालिक कर्मचारियों, कार्यप्रभारित कर्मचारियों तथा यूजीसी वेतनमान पर कार्यरत पदधारकों को भी मिलेगा।
चार महीने के एरियर पर भी सरकार का बड़ा फैसला
महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी के साथ ही सरकार ने एक जुलाई से 31 अक्टूबर तक के एरियर के भुगतान का रास्ता भी साफ कर दिया है। जीपीएफ से जुड़े कर्मचारियों का एरियर आयकर और सरचार्ज की कटौती के बाद निर्धारित सीमा के तहत उनके भविष्य निधि खाते में जमा होगा। यह धनराशि एक नवंबर तक खाते में रहेगी।
एनपीएस कर्मचारियों के एरियर की 10 प्रतिशत राशि टियर-1 पेंशन खाते में जमा की जाएगी। राज्य सरकार नियोक्ता के रूप में 14 प्रतिशत के बराबर अतिरिक्त अंशदान भी करेगी। शेष 90 प्रतिशत राशि पीपीएफ खाते में जमा होगी या एनएससी के रूप में दी जाएगी। एनएससी उपलब्ध नहीं होने पर नकद भुगतान किया जाएगा।
रिटायर होने वालों को पूरा एरियर नकद
सरकार ने सेवानिवृत्त और अगले छह महीने में रिटायर होने वाले कर्मचारियों को राहत देते हुए उनके महंगाई भत्ते का पूरा बकाया नकद देने का फैसला किया है। शासनादेश जारी होने से पहले सेवा समाप्त होने वाले और एक जुलाई से शासनादेश जारी होने के बीच सेवानिवृत्त हुए कर्मचारी भी इसके दायरे में आएंगे।






