लखनऊ, 30 मार्च 2026:
यूपी की राजधानी लखनऊ के चौधरी चरण सिंह (अमौसी) अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर अब हवाई यात्रियों को नाश्ता-पानी उनकी जेब पर भारी नहीं पड़ेगा। यहां यात्रियों को अब मात्र 10 रुपये में नाश्ता और पेय पदार्थ उपलब्ध होंगे। इसके लिए एक कैफे शुरू किया गया है। केंद्र सरकार की पहल पर शुरू की गई इस सुविधा का उद्देश्य हवाई यात्रा को आम नागरिक के लिए और अधिक किफायती बनाना है।
एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 के चेक-इन क्षेत्र में ‘उड़ान यात्री कैफे’ का शुभारंभ रविवार को केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने वर्चुअल माध्यम से किया। यह कैफे ‘उड़ान’ (उड़े देश का आम नागरिक) योजना के तहत शुरू किया गया है। इसके माध्यम से यात्रियों को सस्ती दरों पर गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी।

मालूम हो कि लखनऊ एयरपोर्ट से प्रतिदिन करीब 120 उड़ानों का संचालन होता है और 18 से 20 हजार यात्री विभिन्न शहरों के लिए यात्रा करते हैं। बड़ी संख्या में यात्री पानी, चाय और अन्य खाद्य पदार्थों की ऊंची कीमतों को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शिकायतें दर्ज करा रहे थे। इन्हीं शिकायतों को ध्यान में रखते हुए नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने यह कदम उठाया है।
नए कैफे में यात्रियों को किफायती दरों पर पानी, चाय, स्नैक्स, मिठाइयां और अन्य पेय पदार्थ उपलब्ध होंगे। इससे यात्रियों को एयरपोर्ट पर महंगे खाने-पीने से राहत मिलेगी। उद्घाटन के दौरान मंत्री नायडू ने कहा कि यह पहल हवाई यात्रा को अधिक सुलभ और जनोन्मुख बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने बताया कि इस योजना का उद्देश्य यात्रियों की बुनियादी जरूरतों को पूरा करना है, ताकि उन्हें उचित मूल्य पर बेहतर सेवाएं मिल सकें। गौरतलब है कि लखनऊ एयरपोर्ट का संचालन और विकास एक निजी कंपनी द्वारा किया जा रहा है। यहां पहले से ही डिजी यात्रा, ई-गेट्स, 2डी स्कैनर, सेल्फ बैगेज ड्रॉप और फास्टैग आधारित भुगतान जैसी आधुनिक सुविधाएं यात्रियों को उपलब्ध कराई जा रही हैं।






