
एमएम खान
मोहनलालगंज (लखनऊ), 29 जुलाई 2026:
यूपी की राजधानी लखनऊ के मोहनलालगंज क्षेत्र के निगोहां कस्बे में मंगलवार देर रात सड़क किनारे अचानक आग का विशाल गोला दिखाई देने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। तेज लपटें उठती देख स्थानीय लोगों को किसी बड़े हादसे की आशंका हुई। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। निगोहां पुलिस मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाकर स्थिति को नियंत्रित किया।
जांच में जो सच्चाई सामने आई उसने सभी को हैरान कर दिया। पुलिस के अनुसार कस्बा निवासी राजकुमार रावत ने नशे की हालत में अपनी ही स्कूटी में आग लगा दी थी। पूछताछ में उसने बताया कि उसकी स्कूटी स्टार्ट नहीं हो रही थी। इसी बात से गुस्साए युवक ने आवेश में आकर वाहन को आग के हवाले कर दिया।
आग इतनी भीषण थी कि कुछ ही देर में स्कूटी पूरी तरह जलकर राख हो गई। वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण उसका नंबर भी तत्काल पता नहीं चल सका। घटना के दौरान सड़क पर सन्नाटा होने से कोई अन्य वाहन या राहगीर इसकी चपेट में नहीं आया जिससे एक बड़ा हादसा बच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यदि घटना के समय आसपास अन्य वाहन खड़े होते या लोगों की आवाजाही रहती तो आग फैलने से गंभीर दुर्घटना हो सकती थी। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर आग बुझाने की व्यवस्था कराई और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई।
निगोहां थाना प्रभारी रवींद्र कुमार ने बताया कि राजकुमार रावत से पूछताछ की जा रही है। मामले में सभी पहलुओं की जांच के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने नशे की हालत में लिए गए एक आवेशपूर्ण फैसले के खतरनाक परिणामों को भी उजागर कर दिया।






