Uttar Pradesh

डिजिटल हुई आंगनबाड़ी : योगी सरकार ने 69,804 स्मार्टफोन बांटे, 18,440 को मिली नौकरी

सीएम योगी ने किया 450 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास, सक्षम आंगनबाड़ी से बच्चों के समग्र विकास पर फोकस

लखनऊ, 30 मार्च 2026:

यूपी में आंगनबाड़ी व्यवस्था को आधुनिक, डिजिटल और सशक्त बनाने की दिशा में सीएम योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को लोकभवन में बड़ा कदम उठाया। एक भव्य कार्यक्रम में उन्होंने 69,804 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और मुख्य सेविकाओं को स्मार्टफोन वितरित किए। 18,440 कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे। इसके साथ ही 450 करोड़ रुपये से अधिक की बाल विकास एवं महिला कल्याण परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्मार्टफोन वितरण से आंगनबाड़ी सेवाओं में पारदर्शिता और गति आएगी। अब पोषण ट्रैकिंग, बच्चों का डेटा अपडेट, गर्भवती महिलाओं की निगरानी और सरकारी योजनाओं का रियल-टाइम क्रियान्वयन संभव होगा। इससे लाभार्थियों तक सेवाएं अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचेंगी।

कार्यक्रम के दौरान चयनित अभ्यर्थियों को मंच से नियुक्ति पत्र देकर पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया का संदेश दिया गया। रायबरेली, अमेठी, सिधौली और गोसाईगंज समेत कई जिलों की अभ्यर्थियों को यह अवसर मिला। इससे न केवल रिक्त पद भरेंगे, बल्कि आंगनबाड़ी सेवाओं का ढांचा भी मजबूत होगा।

WhatsApp Image 2026-03-30 at 5.21.54 PM

मुख्यमंत्री ने कार्यकत्रियों को ग्रोथ मॉनिटरिंग डिवाइस भी वितरित किए। इनमें स्टेडियोमीटर, इन्फेंटोमीटर और वेइंग स्केल शामिल हैं। प्रदेशभर में 10,553 इन्फेंटोमीटर, 1,33,282 स्टेडियोमीटर और 58,237 मदर-चाइल्ड वेइंग स्केल उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इन उपकरणों से बच्चों की लंबाई, ऊंचाई और वजन की सटीक निगरानी कर कुपोषण की समय रहते पहचान की जा सकेगी।

प्रदेश में 23,697 आंगनबाड़ी केंद्रों को ‘सक्षम आंगनबाड़ी’ के रूप में विकसित किया गया है, जिन पर 236 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। इन केंद्रों को एलईडी स्क्रीन, आरओ मशीन, ईसीसीई किट और आधुनिक फर्नीचर से सुसज्जित किया गया है। अब ये केंद्र पोषण के साथ-साथ बच्चों के शिक्षा, स्वास्थ्य और मानसिक विकास के केंद्र बन रहे हैं।

वर्तमान में प्रदेश के सभी 75 जिलों में 897 बाल विकास परियोजनाएं संचालित हैं। ये करीब 1.89 लाख आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से सेवाएं दे रही हैं। सरकार का लक्ष्य इन सभी केंद्रों को चरणबद्ध तरीके से स्मार्ट और डिजिटल बनाना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वस्थ बचपन ही मजबूत राष्ट्र की नींव है। आंगनबाड़ी केंद्र अब सुरक्षित, प्रेरणादायक और खेल-आधारित वातावरण प्रदान कर बच्चों के सर्वांगीण विकास में अहम भूमिका निभा रहे हैं।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button