National

बिहार : नालंदा के मंदिर में भगदड़… 8 श्रद्धालुओं की मौत, राष्ट्रपति दौरे के बीच बड़ा हादसा

चैत्र के अंतिम मंगलवार पर दर्शन-पूजन के लिए शीतला माता मंदिर में उमड़ी भीड़ में किसी अफवाह के चलते मची भगदड़, कई लोग घायल, राष्ट्रपति कार्यक्रम में व्यस्त था प्रशासनिक अमला

न्यूज डेस्क, 31 मार्च 2026:

बिहार के नालंदा जिले से मंगलवार सुबह एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। मघड़ा गांव स्थित शीतला माता मंदिर में भारी भीड़ के बीच अचानक भगदड़ मच गई। इसमें 8 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। घायलों को तुरंत नजदीकी मॉडल अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनका इलाज जारी है।

शुरुआती जानकारी के अनुसार चैत्र माह के अंतिम मंगलवार के अवसर पर मंदिर में सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए जुटे थे। इसी दौरान किसी अफवाह के चलते अचानक भगदड़ की स्थिति बन गई। भीड़ के दबाव में कई लोग गिर पड़े और अफरातफरी में लोग एक-दूसरे के ऊपर चढ़ते चले गए। इससे यह बड़ा हादसा हो गया।

मृतकों में सभी महिलाएं बताई जा रही हैं। इनमें से दो की पहचान सकुन्त बिहार निवासी दिनेश रजक की 50 वर्षीय पत्नी रीता देवी और नूरसराय के मथुरापुर निवासी कमलेश प्रसाद की 45 वर्षीय पत्नी रेखा देवी के रूप में हुई है। बाकी मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।

हादसे के बाद मंदिर परिसर और अस्पताल में चीख-पुकार मच गई। परिजन अपनों की तलाश में इधर-उधर भटकते नजर आए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से राहत एवं बचाव कार्य चलाया गया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचकर हालात को काबू में करने में जुटे रहे।

WhatsApp Image 2026-03-31 at 12.19.21 PM

बताया जा रहा है कि हादसे के समय जिला प्रशासन का अमला राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के नालंदा दौरे की तैयारियों में व्यस्त था। आज राजगीर स्थित नालंदा विश्वविद्यालय में दीक्षांत समारोह का आयोजन हो रहा है। इसमें राष्ट्रपति के मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का कार्यक्रम है। इसमें राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत कई प्रमुख लोग भी मौजूद रहेंगे।

फिलहाल नालंदा पुलिस हादसे की जांच में जुट गई है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि भगदड़ की असली वजह क्या थी। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को हर संभव मदद देने का आश्वासन दिया है।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button