Lucknow City

लखनऊ में कोर्ट को फिर बम से उड़ाने की धमकी, ईमेल मिलते ही मचा हड़कंप

सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट, बम निरोधक दस्ते ने खंगाला परिसर, साइबर सेल कर रही मेल भेजने वाले की तलाश

लखनऊ, 1 अप्रैल 2026:

यूपी की राजधानी लखनऊ में जिला न्यायालय को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिलने से बुधवार को हड़कंप मच गया। धमकी भरा ईमेल मिलते ही पुलिस प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट मोड में आ गईं और पूरे कोर्ट परिसर को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया।

सूचना मिलते ही बम निरोधक दस्ता और अन्य सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंचीं। इसके बाद न्यायालय परिसर में सघन तलाशी अभियान चलाया गया। पार्किंग क्षेत्र, कोर्ट रूम, गलियारों और आसपास के इलाकों की बारीकी से जांच की गई। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह से कड़ी कर दी गई और आम लोगों की आवाजाही पर भी निगरानी रखी गई।

WhatsApp Image 2026-04-01 at 5.53.54 PM

पुलिस अधिकारियों ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने टीमों को हर पहलू से जांच करने के निर्देश दिए। गौरतलब है कि इससे पहले 13 फरवरी को भी जिला न्यायालय को इसी तरह का धमकी भरा ईमेल मिला था। उस समय भी पूरे परिसर को खाली कराकर व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया था। हालांकि उस मामले में भी कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली थी।

हाल के दिनों में प्रदेश के अन्य जिलों की अदालतों को भी इसी प्रकार के धमकी भरे ईमेल मिल चुके हैं। इससे सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ गई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार फिलहाल की जांच में किसी भी तरह की विस्फोटक सामग्री या संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है। बावजूद इसके एहतियात के तौर पर कोर्ट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया गया है। सीसीटीवी व अन्य माध्यमों से लगातार निगरानी की जा रही है।

धमकी भरे ईमेल की जांच के लिए साइबर सेल को भी सक्रिय कर दिया गया है। अधिकारी मेल के स्रोत और उसे भेजने वाले की पहचान करने में जुटे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है। किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी।

READ MORE 

ये भी पढ़ें  लखनऊ बना देश का सोलर सुपरस्टार : 87 हजार रूफटॉप इंस्टॉलेशन के साथ नंबर वन

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button