लखनऊ, 2 अप्रैल 2026:
यूपी की राजधानी लखनऊ के गुडंबा क्षेत्र में गुरुवार तड़के प्रशासन ने अवैध घोषित मस्जिद को बुलडोजर से ढहा दिया। यह कार्रवाई बख्शी का तालाब तहसील के ग्राम अस्ती में की गई। इस गांव में मस्जिद के सरकारी खलिहान की जमीन पर बने होने का प्रशासन ने दावा किया था। हाईकोर्ट के आदेश के बाद तड़के करीब एक घंटे तक चली इस कार्रवाई में मस्जिद जमींदोज कर दी गई और मलबा भी हटा दिया गया।
तहसील प्रशासन, पुलिस और पीएसी बल की मौजूदगी में तीन बुलडोजरों से यह अभियान चलाया गया। अधिकारियों के अनुसार पहले ही मस्जिद की दीवार पर नोटिस चस्पा कर दिया गया था। कब्जाधारियों को स्वयं ढांचा हटाने के लिए पर्याप्त समय दिया गया था। इसके बावजूद जब कोई कार्रवाई नहीं हुई तो प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए बुलडोजर चलाया।
मामला लंबे समय से विवादित था। प्रशासन के मुताबिक 2025 में ही इस जमीन को सरकारी खलिहान घोषित करते हुए अतिक्रमण हटाने और 36 हजार रुपये का जुर्माना लगाने का आदेश दिया गया था। इसके खिलाफ मस्जिद कमेटी ने इलाहाबाद हाईकोर्ट का रुख किया लेकिन जमीन पर वैध स्वामित्व साबित नहीं कर सकी। कोर्ट ने तहसील और एडीएम (न्यायिक) के आदेश को सही ठहराते हुए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को बरकरार रखा, हालांकि जुर्माना माफ कर दिया।

तहसीलदार शरद कुमार के मुताबिक संबंधित पक्षों को नोटिस देकर अवैध निर्माण हटाने का निर्देश दिया गया था लेकिन आदेश का पालन नहीं किया गया। वहीं, एडीएम प्रशासन के अनुसार कार्रवाई से पहले विरोध की आशंका को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे।
दूसरी ओर कब्जाधारियों का कहना है कि मस्जिद का निर्माण करीब 60 वर्ष पहले स्थानीय मुस्लिम समुदाय द्वारा किया गया था। यह नया निर्माण नहीं है। फिलहाल, प्रशासन ने जमीन को कब्जे से मुक्त कराकर ग्राम समाज को सौंप दिया है जहां अब ग्रामीण पुनः खलिहान का उपयोग कर सकेंगे।






