Varanasi

वाराणसी में सम्राट विक्रमादित्य महानाट्य का आगाज आज, CM योगी व MP के सीएम करेंगे शुभारंभ

वैदिक घड़ी समर्पण से लेकर ऐतिहासिक मंचन तक 3 दिन काशी में गूंजेगा भारत के गौरवशाली अतीत का स्वर

वाराणसी, 3 अप्रैल 2026:

यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ दो दिवसीय दौरे पर आछ वाराणसी पहुंच रहे हैं। इस दौरान वे मध्य प्रदेश के सीएम डॉ. मोहन यादव के साथ बनारस लोकोमोटिव वर्क्स (बीएलडब्ल्यू) मैदान में सम्राट विक्रमादित्य की जीवनी पर आधारित भव्य महानाट्य का शुभारंभ करेंगे।

आज से 5 अप्रैल तक आयोजित होने वाले इस तीन दिवसीय कार्यक्रम का उद्देश्य देश के गौरवशाली इतिहास, विक्रम संवत की वैज्ञानिकता और उस युग के अद्वितीय योगदान से जनमानस को परिचित कराना है। कार्यक्रम के तहत भारतीय काल गणना की समृद्ध परंपरा को पुनर्जीवित करने की पहल भी की जा रही है। इस क्रम में वाराणसी में सबसे पहले बाबा विश्वनाथ को एक विशेष ‘वैदिक घड़ी’ समर्पित की जाएगी। यह पारंपरिक गणना पद्धति के साथ डिजिटल तकनीक का अनूठा संगम प्रस्तुत करेगी।

सीएम योगी आज शाम लगभग 5:30 बजे वाराणसी पहुंचेंगे और शाम 7 बजे बीएलडब्ल्यू ग्राउंड में महानाट्य का अवलोकन करेंगे। आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा चुका है। इसके साथ ही पूरे परिसर को भव्य रूप से सजाया गया है।

सीएम 4 अप्रैल की सुबह काशी के कोतवाल बाबा कालभैरव और बाबा विश्वनाथ के दर्शन-पूजन भी करेंगे। बीएलडब्ल्यू मैदान में आयोजित यह आयोजन भारत के स्वाभिमान और विकास की गाथा को मंच पर जीवंत करेगा। महानाट्य ‘सम्राट विक्रमादित्य’ की प्रस्तुति लगभग 1 घंटे 45 मिनट की होगी। इसमें 175 से अधिक कलाकार और सहयोगी हिस्सा लेंगे।

मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश सरकार के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न ज्ञानवर्धक प्रदर्शनियां भी लगाई जाएंगी। ये दर्शकों को भारतीय इतिहास, संस्कृति और वैज्ञानिक परंपराओं से रूबरू कराएंगी। यह आयोजन सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के प्रयास के साथ नई पीढ़ी को भारत के स्वर्णिम अतीत से जोड़ने की एक प्रेरक पहल भी साबित होगा।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button