लखनऊ, 3 अप्रैल 2026:
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आज मीडिया से रूबरू होकर सरकार पर हमला बोला। उन्होंने हेल्पलाइन का बिना नाम लिए कहा कि सनातनी सरकार महिलाओं को अपमानित करने का काम कर रही है। वहीं उन्होंने डॉ. अम्बेडकर की जयंती को गांव स्तर पर मनाने का ऐलान किया।
अखिलेश यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सौदागर की तरह काम कर रही है, हर चीज को बेच रही है। भ्रष्टाचार की वजह से ही महंगाई बढ़ती चली जा रही है। ये संविधान से नहीं, मन विधान से चलने वाले लोग हैं। हम लोकतंत्र को मजबूत रक्षा चाहते हैं, ये एकतंत्र लाना चाहते हैं। स्वास्थ्य विभाग ही वेंटीलेटर पर है और इस सरकार ने कानून व्यवस्था की ही हत्या कर दी है।
उन्होंने कहा कि पढ़ाई के क्षेत्र में भी गैर बराबरी खत्म हो, आज भी प्राइमरी स्कूल जर्जर है। ये सरकार सवाल नहीं सुनना चाहती इसलिए पढ़ाना नहीं चाहती। आज ग्रीन कॉरिडोर बर्बादी का कॉरिडोर बन गया है इसे ऐसे डिजाइन किया गया है जिससे जनता को हर चौराहे पर रुकना पड़ रहा है।
अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार के खिलाफ जो भी आवाज उठाएगा उस आवाज को दबाने का काम करेंगे ये। जब डायल 100 की बेटियों ने आंदोलन किया था तो इस सरकार ने कोई कार्रवाई नहीं की थी, इस बार फिर बेटियां सड़कों पर है। उन लोगों ने जो आरोप लगाए हैं जो सुनने को मिला है उससे पता चलता है कि सनातनी सरकार महिलाओं को अपमानित करने का काम कर रही है।
उन्होंने ऐलान किया कि बाबा साहब की जयंती को गांव स्तर पर मनाने का काम करेंगे, किस तरह का संकट है संविधान पर उसकी चर्चा करेंगे। आने वाले समय में 2027 में बूथ स्तर पर काम करके भारतीय जनता पार्टी को हराकर समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने और यूपी को विकास के रास्ते पर लाने का काम करेंगे।






