Lucknow City

LDA में रिश्वत का बड़ा खेल बेनकाब : 7.50 लाख लेते जेई, सुपरवाइजर और बिचौलिया विजिलेंस के हत्थे चढ़े

अवैध निर्माण पर कार्रवाई रोकने के बदले पहले मांगे थे 15 लाख, सौदा 7.50 लाख में तय, IGRS शिकायत का डर दिखाकर वसूली का आरोप, गोमतीनगर में ट्रैप कर तीनों को दबोचा

लखनऊ, 1 अगस्त 2026:

लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) में भ्रष्टाचार के खिलाफ विजिलेंस ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए रिश्वतखोरी के कथित नेटवर्क का पर्दाफाश किया। विजिलेंस टीम ने जोन-5 में तैनात अवर अभियंता (जेई) दिनेश कुमार वर्मा, सुपरवाइजर चंद्र प्रकाश और एक निजी व्यक्ति (बिचौलिया) श्रवण कुमार को 7.50 लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। टीम ने मौके से पूरी रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली।

विजिलेंस के अनुसार शिकायतकर्ता ने उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान, लखनऊ सेक्टर के पुलिस अधीक्षक से शिकायत की थी। आरोप था कि उसके निर्माणाधीन भवन पर पहुंचे जेई दिनेश कुमार वर्मा ने निर्माण रुकवाने की चेतावनी देते हुए बताया कि श्रवण कुमार ने उसके खिलाफ आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है। इसके बाद पहले उसे श्रवण कुमार से मिलकर मामला निपटाने की सलाह दी गई और फिर एलडीए कार्यालय बुलाया गया।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि एलडीए कार्यालय में जेई दिनेश कुमार वर्मा और सुपरवाइजर चंद्र प्रकाश ने अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई न करने के बदले 15 लाख रुपये की रिश्वत मांगी। जब उसने इतनी बड़ी रकम देने में असमर्थता जताई तो सौदा घटाकर 7.50 लाख रुपये में तय कर दिया गया। रकम नहीं देने पर निर्माण ध्वस्त कराने और कानूनी कार्रवाई की धमकी भी दी गई।

ये भी पढ़ें:

विजिलेंस की गोपनीय जांच में सामने आया कि जेई, सुपरवाइजर और बिचौलिया कथित तौर पर मिलीभगत कर आईजीआरएस शिकायत का डर दिखाकर रिश्वत मांग रहे थे। जांच के दौरान मोबाइल कॉल और अन्य साक्ष्यों से रिश्वत मांगने की पुष्टि होने का दावा किया गया। शिकायत सही पाए जाने के बाद विजिलेंस ने ट्रैप की योजना बनाई।

शिकायतकर्ता शनिवार को तय रकम लेकर गोमतीनगर पहुंचा। जैसे ही तीनों आरोपियों ने 7.50 लाख रुपये की रिश्वत ली पहले से घात लगाए विजिलेंस अधिकारियों ने उन्हें रंगे हाथ दबोच लिया। मौके से पूरी रकम बरामद कर ली गई। फिलहाल विजिलेंस टीम तीनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

ये भी पढ़ें  पार्किंग निगल गई बेकरी-लॉन्ड्री! लखनऊ के बड़े होटलों पर शिकंजा, नोवोटेल समेत कई प्रतिष्ठान रडार पर

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button