योगेंद्र मलिक
देहरादून, 3 अप्रैल 2026:
देहरादून में शहर की पुरानी पहचान को संवारने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नगर निगम के कार्यक्रम में जुगमंदर हॉल के नवीनीकरण का लोकार्पण किया। यह काम करीब 2 करोड़ 32 लाख रुपये की लागत से पूरा हुआ है। इसके साथ ही केदारपुरम स्थित एबीसी सेंटर में कैनाल निर्माण और शहर के छह अलग-अलग जगहों पर पार्कों के विकास और सौंदर्यीकरण की शुरुआत भी की गई।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार विकास के साथ विरासत को भी संभालने पर जोर दे रही है। उनका कहना था कि देहरादून अपनी पहचान बचाते हुए आगे बढ़ रहा है और इसी सोच के साथ योजनाएं जमीन पर उतारी जा रही हैं। शहर को साफ और व्यवस्थित बनाने के लिए स्वच्छ भारत मिशन के तहत कचरा प्रबंधन को मजबूत किया गया है। इसके लिए आधुनिक मैकेनाइज्ड ट्रांसफर स्टेशन बनाए गए हैं और कूड़ा उठाने वाले वाहनों की निगरानी के लिए कमांड एंड कंट्रोल सेंटर भी तैयार किया गया है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि देहरादून को आधुनिक शहर के तौर पर विकसित करने के लिए 1400 करोड़ रुपये से ज्यादा की परियोजनाओं पर काम चल रहा है। शहर में 35 नए पार्क बनाए जा चुके हैं, जबकि केदारपुरम में योगा थीम पर आधारित बड़ा पार्क तैयार किया गया है। वीर शहीदों की याद में भी अलग-अलग जगहों पर स्मृति पार्क विकसित किए गए हैं, जिससे 50 हजार वर्ग मीटर से ज्यादा हरित क्षेत्र बढ़ा है।
जल संरक्षण के लिए जलभराव वाले इलाकों में रिचार्ज पिट बनाए जा रहे हैं। पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए शहर में 30 इलेक्ट्रिक बसें चलाई जा रही हैं और 11 जगहों पर चार्जिंग स्टेशन लगाए गए हैं। स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में देहरादून को देश में 19वां स्थान मिला है। आने वाले समय में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे शुरू होने से शहर में आवाजाही बढ़ेगी। इसे देखते हुए पार्किंग, पानी और दूसरी बुनियादी सुविधाओं पर भी फोकस किया जा रहा है। ट्रैफिक दबाव कम करने के लिए रिस्पना और बिंदाल नदियों के ऊपर एलिवेटेड रोड का प्लान तैयार किया जा रहा है।

नगर निगम के कामकाज की चर्चा करते हुए बताया गया कि पिछले एक साल में राजस्व वसूली 52 करोड़ से बढ़कर 73 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है। डोर-टू-डोर कचरा उठाने वाले वाहनों की संख्या भी करीब 200 से बढ़कर 300 हो गई है। सरकार ने साफ किया कि सरकारी जमीन पर अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, रामसिंह कैड़ा, खजान दास, मेयर सौरभ थपलियाल, विधायक उमेश शर्मा काऊ, सविता कपूर, सहदेव सिंह पुंडीर, नगर आयुक्त नमामि बंसल और अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।






