वाराणसी, 4 अप्रैल 2026:
नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत के साथ ही स्कूल चलो अभियान का शुभारंभ वाराणसी के शिवपुर स्थित कंपोजिट विद्यालय में हुआ। इस अवसर पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने बच्चों के साथ आत्मीयता भरा समय बिताते हुए उन्हें अपने हाथों से मिड-डे मील परोसा। मुख्यमंत्री के इस स्नेहपूर्ण व्यवहार से बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। उन्होंने मासूम मुस्कान के साथ उनका आभार जताया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बच्चों को नियमित रूप से स्कूल आने और मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक सिर हिलाकर उनकी बातों का समर्थन किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को स्कूल बैग, नई पाठ्य पुस्तकें, शैक्षणिक किट, उपहार और चॉकलेट वितरित किए। इससे बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
मंच से कक्षा-1 से लेकर कक्षा-8 तक के चयनित विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। इनमें विकास, अंशिका गुप्ता, श्रेया सोनकर, कजरी, दीपशिखा, रोली सोनकर, श्रेया यादव, कली केसरी, रूचि यादव और साक्षी गुप्ता शामिल रहे। बच्चों की सरलता और खुशी ने पूरे कार्यक्रम को भावनात्मक बना दिया।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने जनपद के पांच निपुण विद्यालयों के प्रधानाचार्यों और शिक्षकों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। इनमें नयापुर सेवापुरी, शगुनहा बड़ागांव, फरीदपुर चिरईगांव, भतसार अराजीलाइन और महमूरगंज के विद्यालय शामिल रहे। इन विद्यालयों के शिक्षकों के उत्कृष्ट प्रयासों की सराहना की गई।
कार्यक्रम में पांच निपुण विद्यार्थियों अभय कुमार पटेल, जाह्नवी, श्रेयांश, नैन्सी और सरस्वती को भी प्रमाण पत्र प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया। सीएम ने कहा कि ऐसे प्रतिभाशाली छात्र प्रदेश का भविष्य हैं। उन्हें निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना आवश्यक है।
इस अवसर पर शैक्षिक नवाचार एवं उपलब्धियां पुस्तिका का विमोचन भी किया गया। अभियान से जुड़ी एक लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया। इसने शिक्षा के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। कार्यक्रम की शुरुआत बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह के स्वागत संबोधन और आर्य महिला इंटर कॉलेज की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना से हुई।





