एमएम खान
मोहनलालगंज (लखनऊ), 4 अप्रैल 2026:
मोहनलालगंज तहसील परिसर में शनिवार को हुए समाधान दिवस में बड़ी संख्या में लोग अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे। दिनभर चले कार्यक्रम में 160 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 37 मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। इस दौरान बिजली पानी आवास से जुड़ीं शिकायतों के साथ मजदूरी हड़पने, खतौनी में सुधार न होने व जमीन पर कब्जे के मामले भी आए।
निगोहां क्षेत्र के रामपुर गढ़ी जमुनी गांव से आई प्रिया ने आरोप लगाया कि उसके पति से गांव के एक व्यक्ति ने करीब 50 दिन तक राजगीरी का काम कराया, जिसकी करीब 35 हजार रुपये मजदूरी बनती है। पैसे मांगने पर आरोपी ने भुगतान से इनकार कर दिया और मारपीट की। जान से मारने की धमकी भी दी गई। अधिकारियों ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। दहियर गांव के अनिल कुमार पांडे ने खतौनी में गलत अंश दर्ज होने की शिकायत की। उनका कहना है कि राजस्व निरीक्षक की रिपोर्ट भेजे जाने के बाद भी सुधार नहीं हुआ, जिससे उन्हें परेशानी झेलनी पड़ रही है। एसडीएम ने इस मामले में जल्द जांच कर रिपोर्ट देने को कहा है।
प्रतापगढ़ के पट्टी तहसील क्षेत्र के अतरसंड गांव की रीता देवी ने जमीन कब्जे का मामला उठाया। उन्होंने बताया कि रायभान खेड़ा में उनकी करीब 9 बिस्वा जमीन पर बनी बाउंड्री को कुछ लोगों ने तुड़वा दिया और कब्जा कर लिया। आरोप है कि इसमें स्थानीय लेखपाल की मिलीभगत रही। रीता का कहना है कि उनके पास जमीन पर कब्जे के जीपीएस फोटो समेत सभी सबूत मौजूद हैं, फिर भी दबाव बनाया जा रहा है कि जमीन बेच दें।
नगराम थाना क्षेत्र के जमालपुर ददुरी गांव के मैकू ने धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि जमीन खरीदने के नाम पर अनिरुद्ध प्रताप सिंह ने उनसे करीब 19.95 लाख रुपये ले लिए। पैसे लेने के बाद आरोपी फरार हो गया और फोन बंद कर लिया। जब वह आरोपी के घर पहुंचे तो उन्हें धमकाया गया। मैकू का कहना है कि थाने में शिकायत के बावजूद सुनवाई नहीं हुई, जिसके बाद वह समाधान दिवस में पहुंचे।
समाधान दिवस में एडीएम सिटी महेंद्र पाल सिंह और एसडीएम पवन पटेल ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों को कार्रवाई के निर्देश दिए। इस दौरान एसीपी विकास कुमार पांडे सहित राजस्व, पुलिस और अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने सभी शिकायतों को संबंधित विभागों को भेजते हुए जांच कर जल्द निस्तारण का भरोसा दिया।






