लखनऊ, 4 अप्रैल 2026:
यूपी की राजधानी लखनऊ के जानकीपुरम इलाके में शनिवार को एक घटना में यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के कर्मचारी प्रकाश मिश्रा (50) की गोली लगने से मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना उस समय हुई जब वह अपने घर में लाइसेंसी राइफल की सफाई कर रहे थे। अचानक चली गोली सीधे उनके चेहरे पर लगी और सिर को पार कर गई, जिससे उनकी मौके पर ही जान चली गई।
घटना जानकीपुरम इलाके के मिर्जापुर की पिंक सिटी में हुई। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग दहशत में आ गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही जानकीपुरम थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में मामला हादसा प्रतीत हो रहा है।
बताया गया कि प्रकाश मिश्रा अपनी लाइसेंसी राइफल की सफाई कर रहे थे तभी अचानक ट्रिगर दबने से गोली चल गई। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया है और हर पहलू की जांच की जा रही है। फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया जिसने साक्ष्य जुटाए हैं।
रिश्तेदार ईश्वरचंद्र मिश्रा के मुताबिक प्रकाश मिश्रा एयरफोर्स से वर्ष 2013 में रिटायर हुए थे। इसके बाद उन्होंने यूनियन बैंक ऑफ इंडिया में लिपिक के पद पर नौकरी शुरू की थी। वर्तमान में वह अलीगंज स्थित सेक्टर-क्यू ब्रांच में तैनात थे।
प्रकाश मूल रूप से हरदोई के कोतवाली शहर क्षेत्र के रहने वाले थे। वर्तमान में लखनऊ में अपनी पत्नी रश्मि के साथ रह रहे थे। उनकी बेटी शालिनी की शादी उन्नाव में हो चुकी है जबकि बेटा स्पर्श कानपुर में बीटेक की पढ़ाई कर रहा है। इस हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है।






