लखनऊ, 27 मई 2026:
यूपी की राजधानी लखनऊ में अवैध निर्माण और बिना अनुमति विकसित की जा रही कॉलोनियों के खिलाफ लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने अपना बुलडोजर अभियान और तेज कर दिया है। एलडीए की प्रवर्तन टीम ने चिनहट और सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 30 बीघा क्षेत्रफल में की जा रही तीन अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त कर दिया। इसक साथ ही ग्रीन बेल्ट में हो रहे अवैध निर्माण को भी जमींदोज कर दिया गया। लगातार हो रही कार्रवाई से भूमाफियाओं और अवैध निर्माण कराने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर प्रवर्तन जोन-1 और जोन-2 की संयुक्त टीम ने यह अभियान चलाया। प्रवर्तन जोन-1 के जोनल अधिकारी देवांश त्रिवेदी ने बताया कि चिनहट क्षेत्र के ग्राम लौलाई और पुसू का पुरवा में जावेद, अभिषेक, चन्द्रपाल, शिवांश सिटी ग्रुप समेत अन्य लोगों द्वारा बड़े पैमाने पर अवैध प्लॉटिंग की जा रही थी। करीब 30 बीघा जमीन पर विकसित की जा रही तीन अवैध कॉलोनियों में सड़क निर्माण, प्लॉटों का सीमांकन और अन्य विकास कार्य तेजी से चल रहे थे।

इसकी शिकायत के आधार पर जांच के बाद एलडीए ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी और भारी पुलिस बल की मौजूदगी में अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया। वहीं प्रवर्तन जोन-2 के जोनल अधिकारी रवि नंदन सिंह ने बताया कि सुशांत गोल्फ सिटी के सेक्टर-जे, पॉकेट-3 में आलोक कुमार और अन्य द्वारा ग्रीन बेल्ट की जमीन पर लगभग 200 वर्गमीटर क्षेत्रफल में अवैध निर्माण कराया जा रहा था।
इस मामले में विहित न्यायालय द्वारा पहले ही ध्वस्तीकरण के आदेश जारी किए जा चुके थे। आदेश के अनुपालन में एलडीए टीम ने कार्रवाई करते हुए पूरे निर्माण को गिरा दिया। एलडीए इससे पहले गोमतीनगर, गोसाईंगंज, मोहनलालगंज, इंदिरानगर, सरोजनीनगर और काकोरी समेत कई इलाकों में अवैध प्लॉटिंग और निर्माण के खिलाफ बड़े अभियान चला चुका है।
एलडीए के अधिकारियों का कहना है कि बिना मानचित्र पास कराए और नियमों के विरुद्ध होने वाले निर्माण किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। आने वाले दिनों में भी यह अभियान और तेज किया जाएगा।






