
लखनऊ, 2 सितंबर 2026:
यूपी में स्वाइन फ्लू (H1N1) का संक्रमण तेजी से फैल रहा है। अब प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह भी इसकी चपेट में आ गए हैं। पिछले चार-पांच दिनों से बुखार से परेशान मंत्री की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उन्हें लखनऊ स्थित आवास में आइसोलेट किया गया है। बुधवार सुबह KGMU के डॉक्टरों की टीम उनके आवास पर पहुंची और स्वास्थ्य की जांच की। फिलहाल उनमें बीमारी के लक्षण हल्के हैं। डॉक्टरों ने घर पर ही इलाज जारी रखने की सलाह दी है।
KGMU प्रशासन के मुताबिक मंत्री की हालत स्थिर है। डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है। परिवार के सदस्यों और पर्सनल स्टाफ की भी कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग कराई जा रही है। जांच के लिए सैंपल लिए जा रहे हैं। इससे पहले मंगलवार को मंत्री ने KGMU की पैथोलॉजी में H1N1 की जांच के लिए सैंपल दिया था।
चार दिन में 134 नए मरीज, आंकड़ा 685 पहुंचा
प्रदेश में स्वाइन फ्लू का संक्रमण किस तेजी से बढ़ रहा है, इसका अंदाजा नए मामलों के आंकड़ों से लगाया जा सकता है। 27 अगस्त तक राज्य में H1N1 के 551 मरीज थे, जबकि एक सितंबर तक यह संख्या बढ़कर 685 हो गई। यानी महज चार दिनों में 134 नए संक्रमित सामने आए हैं।
इस बीच फिरोजाबाद और बदायूं में स्वाइन फ्लू से संक्रमित दो मरीजों की मौत की भी सूचना है। फिरोजाबाद में 69 वर्षीय व्यापारी और बदायूं के बिल्सी क्षेत्र में 73 वर्षीय महिला ने दम तोड़ दिया। हालांकि, स्वास्थ्य विभाग के अनुसार दोनों मौतों की वजह केवल H1N1 थी या मरीज पहले से किसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे, यह अभी स्पष्ट नहीं है। इटावा में दो नाबालिगों में भी संक्रमण की पुष्टि हुई है।
विशेषज्ञ बोले- घबराने की जरूरत नहीं
स्वास्थ्य अधिकारियों के मुताबिक ज्यादातर मरीज सामान्य उपचार से ठीक हो रहे हैं और उन्हें ICU की जरूरत नहीं पड़ रही। CMO डॉ. एनबी सिंह ने लोगों से पैनिक न करने और बिना डॉक्टर की सलाह के दवा न लेने की अपील की है। डाक्टरों के मुताबिक H1N1 संक्रमित व्यक्ति के खांसने या छींकने से निकलने वाली संक्रमित बूंदों के जरिए फैल सकता है। आपात स्थिति में CMO कार्यालय के हेल्पलाइन नंबर 0522-2622080 पर संपर्क किया जा सकता है।






