प्रमोद कुमार
मलिहाबाद (लखनऊ), 5 अप्रैल 2026:
माल क्षेत्र के अटारी गांव में रविवार को ‘कवच आम सभा’ का आयोजन हुआ, जिसमें इलाके के 100 से ज्यादा प्रगतिशील आम बागवान शामिल हुए। कार्यक्रम में नई तकनीकों और खास तौर पर आम की सुरक्षा से जुड़े तरीकों पर विस्तार से चर्चा हुई।
कार्यक्रम में केंद्रीय उपोष्ण बागवानी संस्थान के निदेशक डॉ. टी. दामोदरन मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने कहा कि आम को सिर्फ फसल की तरह नहीं, बल्कि एक उद्योग के रूप में देखने की जरूरत है। उनका कहना था कि अगर किसान आधुनिक तरीके अपनाते हैं तो आम की पैदावार और कमाई दोनों बढ़ सकती हैं।

सभा का आकर्षण ‘कवच मैंगो फ्रूट प्रोटेक्शन बैग’ रहा। मेटा एग्रीटेक के संस्थापक मयंक सिंह और सुजीत सिंह ने बताया कि यह बैग आम को कीट, धूल, तेज धूप और बीमारियों से बचाता है। इससे फल की क्वालिटी बेहतर होती है और बाजार में अच्छा दाम मिलता है। उन्होंने बताया कि ये बैग मलिहाबाद में ही तैयार हो रहे हैं और करीब दो साल तक इस्तेमाल किए जा सकते हैं। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि कंपनी ‘स्वीट सैफरन’ प्लेटफॉर्म के जरिए बैगिंग वाले आमों की सीधे खरीद कर रही है, जिससे किसानों को प्रीमियम बाजार से जुड़ने का मौका मिल रहा है।
उपनिदेशक उद्यान डॉ. डी.के. वर्मा ने विभाग की तरफ से चलाई जा रही सब्सिडी योजनाओं की जानकारी दी और किसानों को उनका फायदा उठाने के लिए प्रेरित किया। वहीं डॉ. मनीष मिश्रा और उद्यान निरीक्षक दिलीप कुमार ने भी तकनीकी पहलुओं पर चर्चा की।
सभा की अध्यक्षता प्रगतिशील बागवान कुंवर बलबीर सिंह ने की। कार्यक्रम के दौरान बागवानों ने कवच बैग को उपयोगी बताते हुए ऐसे आयोजनों को नियमित कराने की मांग रखी। कार्यक्रम का आयोजन मेटा एग्रीटेक प्राइवेट लिमिटेड और अवध आम उत्पादक एवं बागवानी समिति ने संयुक्त रूप से किया।






