लखनऊ, 7 अप्रैल 2026:
यूपी की राजधानी लखनऊ में अपना घर बनाने का सपना देख रहे लोगों के लिए अच्छी खबर है।लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) जल्द ही शहर के तेजी से विकसित हो रहे आईआईएम रोड और सीतापुर रोड के पास नैमिषनगर आवासीय योजना लॉन्च करने जा रहा है। प्राधिकरण ने इस महत्वाकांक्षी योजना को सितंबर में लॉन्च करने की तैयारी शुरू कर दी है।
एलडीए अधिकारियों के मुताबिक योजना के पहले चरण में दो सेक्टरों में उपलब्ध भूखंडों के लिए पंजीकरण खोला जाएगा। इस योजना की सबसे खास बात इसकी किफायती दरें हैं। यहां जमीन की कीमत करीब 3000 रुपये प्रति वर्गफीट रहने का अनुमान है। यह एलडीए की अन्य योजनाओं के मुकाबले काफी कम है। ऐसे में मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए यह सुनहरा अवसर साबित हो सकता है।
नैमिषनगर योजना कुल 1486 हेक्टेयर क्षेत्रफल में विकसित की जा रही है। इसमें 18 गांव शामिल हैं। अब तक एलडीए लगभग 150 हेक्टेयर भूमि का बैनामा कर चुका है जबकि 430 हेक्टेयर जमीन के लिए किसानों ने सहमति पत्र दे दिए हैं। इस तरह करीब 580 हेक्टेयर भूमि प्राधिकरण को प्राप्त हो चुकी है। शेष जमीन भी सहमति के आधार पर ली जाएगी।
इस योजना के तहत केवल प्लॉट ही नहीं बल्कि आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों का भी समग्र विकास किया जाएगा। जिन इलाकों की जमीन अधिग्रहण से बाहर रहेगी वहां सड़क, जल निकासी, खेल मैदान, बरात घर, स्वास्थ्य केंद्र, स्कूल, पार्क और श्मशान जैसी मूलभूत सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
योजना को बेहतर कनेक्टिविटी देने के लिए ग्रीन कॉरिडोर का विस्तार भी किया जाएगा। करीब 10 किलोमीटर लंबे इस प्रोजेक्ट में तीन किलोमीटर बंधा और सात किलोमीटर सड़क का निर्माण शामिल है। इससे नैमिषनगर सीधे ग्रीन कॉरिडोर और किसान पथ से जुड़ जाएगा। इससे आवागमन और आसान हो जाएगा।
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के अनुसार नैमिषनगर योजना को किफायती और सुविधाजनक बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों को लाभ मिल सके।






