Sports

IPL 2026-RR vs MI: जायसवाल की तूफानी पारी, 11 ओवर के मैच में राजस्थान ने मुंबई को 27 रन से हराया

गुवाहाटी में बारिश से छोटा हुआ मुकाबला, राजस्थान ने 11 ओवर में 150 रन ठोके, मुंबई की शुरुआत बिखरी, पहले 5 ओवर में ही मैच हाथ से निकल गया, आज दिल्ली कैपिटल्स और गुजरात टाइटंस के बीच होगा मुकाबला

स्पोर्ट्स डेस्क, 8 अप्रैल 2026:

गुवाहाटी में खेले गए आईपीएल 2026 के मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने दमदार खेल दिखाते हुए मुंबई इंडियंस को 27 रन से हरा दिया। बारिश की वजह से मैच 11-11 ओवर का कर दिया गया था, लेकिन राजस्थान के बल्लेबाजों ने इसे भी पूरी तरह अपने नाम कर लिया। टीम की यह लगातार तीसरी जीत है, जबकि मुंबई को तीन मैचों में दूसरी हार झेलनी पड़ी। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में आज दिल्ली कैपिटल्स और गुजरात टाइटंस के बीच मुकाबला होगा।

मैच की शुरुआत देर से हुई, करीब 2 घंटे 40 मिनट के इंतजार के बाद रात 10 बजे खेल शुरू हो सका। टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। ओपनर यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी ने मुंबई के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया। दोनों ने पहले 5 ओवर में ही 80 रन जोड़ दिए।

वैभव सूर्यवंशी ने खास तौर पर सबका ध्यान खींचा। जसप्रीत बुमराह के खिलाफ पहली बार खेलते हुए उन्होंने पहली ही गेंद पर छक्का जड़ दिया। उसी ओवर में एक और बड़ा शॉट लगाकर उन्होंने अपने इरादे साफ कर दिए। वैभव ने 14 गेंदों में 39 रन बनाए, जिसमें 5 छक्के शामिल रहे।

WhatsApp Image 2026-04-08 at 11.16.36 AM

उनके आउट होने के बाद यशस्वी जायसवाल ने मोर्चा संभाला और पारी को आगे बढ़ाया। उन्होंने सिर्फ 23 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया और आखिर तक टिके रहे। जायसवाल ने 32 गेंदों में 77 रन बनाए, जिसमें 10 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। राजस्थान ने 11 ओवर में 3 विकेट पर 150 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया।

151 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत बेहद खराब रही। पहले तीन ओवर में ही रायन रिकल्टन, सूर्यकुमार यादव और रोहित शर्मा आउट हो गए। इसके बाद पांचवें ओवर तक हार्दिक पंड्या और तिलक वर्मा भी पवेलियन लौट गए। टीम ने 46 रन तक 5 विकेट गंवा दिए थे और यहीं से मैच एकतरफा हो गया।

नमन धीर और शेरफेन रदरफोर्ड ने जरूर कोशिश की और छठे विकेट के लिए 47 रन जोड़े। दोनों ने तेजी से रन बनाकर मैच में थोड़ी उम्मीद जगाई, लेकिन ये साझेदारी ज्यादा देर नहीं चली। दोनों बल्लेबाज जल्दी-जल्दी आउट हो गए और इसके बाद मुंबई की पारी संभल नहीं सकी। मुंबई इंडियंस की टीम 123 रन पर सिमट गई और राजस्थान ने यह मुकाबला 27 रन से अपने नाम कर लिया।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button