पति रूठा, ससुराल छूटा, प्रेमी ने पीछा नहीं छोड़ा… एकतरफा प्यार में युवती को फावड़े से काट डाला
9 साल पहले हुई थी शादी, पति से विवाद के बाद 3 साल से मायके में रह रही थी, 10 साल से तंग कर रहा था प्रेमी, शिकायत और समझौते के बाद भी नहीं रुका आरोपी
नितेश चंद्र शुक्ला
हरदोई, 14 अप्रैल 2026:
मल्लावां क्षेत्र के गढ़ी रसूलपुर गांव में एक युवक ने एकतरफा प्यार में नाकाम होने पर विवाहिता की फावड़े से वार कर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
मृतका की पहचान 27 वर्षीय शिल्पी के रूप में हुई है। उसकी शादी करीब 9 साल पहले मल्लावां क्षेत्र के नयागांव गांव में हुई थी। पति से विवाद के चलते वह पिछले तीन साल से अपने मायके गढ़ी रसूलपुर में रह रही थी।
परिजनों के मुताबिक गांव का रहने वाला ऋषभ पिछले करीब 10 साल से शिल्पी को परेशान कर रहा था। वह लगातार अश्लील मैसेज, वीडियो भेजकर धमकियां देता था। इतना ही नहीं, उसकी हरकतों से शिल्पी की शादीशुदा जिंदगी भी प्रभावित हुई। इसको लेकर कई बार पुलिस में शिकायत की गई।

करीब डेढ़ महीने पहले मामला थाने पहुंचा था, जहां समझौता करा दिया गया था। परिवार को पहले से अनहोनी का अंदेशा था। इसी वजह से उन्होंने अपना पुराना घर छोड़कर नया मकान बनाया और वहां CCTV कैमरे भी लगवाए थे, लेकिन इसके बावजूद आरोपी ने वारदात को अंजाम दे दिया।
सोमवार शाम शिल्पी के माता-पिता खेत पर काम करने गए थे और वह घर पर अकेली थी। घर से करीब 200-250 मीटर दूर बने घेर में वह पहुंची, तभी आरोपी वहां आ गया और उससे विवाद करने लगा। शोर सुनकर परिवार की छोटी बहू मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी फावड़े से शिल्पी के सिर पर कई वार कर चुका था। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बचाने की कोशिश करने पर आरोपी ने महिला को धक्का दिया और फरार हो गया।
मृतका के पिता राम रहीम किसान हैं। उनके दो बेटे धीरेंद्र और वीरेंद्र जयपुर में प्राइवेट नौकरी करते हैं, जबकि गांव में वह अपनी पत्नी के साथ रहते हैं। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। घटनास्थल पर खून से सना फावड़ा मिला है। एसपी ने फरार आरोपी की गिरफ्तारी और घटना के खुलासे के लिए एएसपी की निगरानी में तीन टीमें गठित की गई हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।






