Sports

IPL 2026: हैदराबाद ने रोकी राजस्थान की रफ्तार, प्रफुल्ल व साकिब की घातक गेंदबाजी से मिली जीत

ईशान किशन की 91 रन की तेज पारी से खड़ा हुआ बड़ा स्कोर, राजस्थान की शुरुआत बुरी तरह लड़खड़ाई, शुरुआती झटकों से नहीं उबर सकी टीम, आज चेन्नई सुपर किंग्स व कोलकाता नाईट राइडर्स के बीच होगा मुकाबला

स्पोर्ट्स डेस्क, 14 अप्रैल 2026:

आईपीएल 2026 में सनराइजर्स हैदराबाद ने राजस्थान रॉयल्स को 57 रन से हराकर उसके लगातार चार मैचों के जीत के सिलसिले पर ब्रेक लगा दिया। राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 216 रन बनाए। जवाब में राजस्थान की टीम 19 ओवर में 159 रन पर सिमट गई। आज चेपाक स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स व कोलकाता नाईट राइडर्स के बीच मुकाबला होगा।

हैदराबाद की इस जीत में ईशान किशन की आक्रामक बल्लेबाजी के साथ डेब्यूटेंट प्रफुल्ल हिंगे और साकिब हुसैन की धारदार गेंदबाजी अहम रही। दोनों ने चार-चार विकेट लेकर मैच का रुख पलट दिया। टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी हैदराबाद की शुरुआत खराब रही। पहली ही गेंद पर अभिषेक शर्मा बिना खाता खोले आउट हो गए। इसके बाद ईशान किशन ने ट्रेविस हेड के साथ पारी संभाली। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 55 रन जोड़े। हेड 18 रन बनाकर आउट हुए।

इसके बाद ईशान ने हेनरिक क्लासेन के साथ तेजी से रन जोड़े। दोनों के बीच 39 गेंदों में 88 रन की साझेदारी हुई। ईशान किशन ने 44 गेंदों में 91 रन ठोके, जिसमें 6 छक्के और 8 चौके शामिल रहे। क्लासेन ने 40 रन बनाए। नितीश रेड्डी ने 28 रन का योगदान दिया, जबकि सलिल अरोड़ा 24 रन बनाकर नाबाद लौटे। राजस्थान की तरफ से जोफ्रा आर्चर ने 2 विकेट लिए। संदीप शर्मा, तुषार देशपांडे और रियान पराग को एक-एक सफलता मिली।

WhatsApp Image 2026-04-14 at 10.28.48 AM

216 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान की टीम शुरुआत में ही बिखर गई। प्रफुल्ल हिंगे ने अपने पहले ओवर में तीन विकेट लेकर टीम को बैकफुट पर धकेल दिया। तीन ओवर में ही राजस्थान 9 रन पर पांच विकेट खो चुकी थी। यशस्वी जायसवाल 1 रन, रियान पराग बिना खाता खोले आउट हुए। इस दबाव के बीच रवींद्र जडेजा और डोनोवन फरेरा ने पारी संभाली। दोनों ने छठे विकेट के लिए 118 रन की साझेदारी की और मैच में वापसी की उम्मीद जगाई। फरेरा ने 44 गेंदों में 69 रन बनाए, जबकि जडेजा ने 45 रन की पारी खेली। लेकिन 127 के स्कोर पर यह साझेदारी टूटते ही टीम फिर से दबाव में आ गई और पूरी पारी 159 रन पर खत्म हो गई।

हैदराबाद की तरफ से प्रफुल्ल हिंगे ने 34 रन देकर 4 विकेट लिए। साकिब हुसैन ने 24 रन देकर 4 विकेट झटके। ईशान मलिंगा को 2 सफलता मिली। इस नतीजे के बाद राजस्थान पांच मैचों में एक हार के बावजूद अंक तालिका में टॉप पर बना हुआ है, जबकि हैदराबाद दो जीत के साथ चौथे स्थान पर पहुंच गई है।

इधर आज मंगलवार को आईपीएल के 22वें मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स बनाम कोलकाता नाईट राइडर्स के बीच मुकाबला होगा। यह मैच चेपॉक क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा मैच साढ़े 7 बजे शुरू होगा, जबकि मुकाबले का टॉस 7 बजे होगा। इस मैच में सभी की निगाहें धोनी की वापसी पर होंगी। फैंस को उम्मीद होगी की आज एमएस धोनी मैदान पर वापसी कर सकते हैं।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button