लखनऊ, 16 अप्रैल 2026:
यूपी की राजधानी लखनऊ में स्मार्ट बिजली मीटर को लेकर विरोध तेज होता जा रहा है। लगातार विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। गुरुवार को इंदिरानगर इलाके के लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में महिलाएं और स्थानीय निवासी इंदिरानगर सेक्टर-14 स्थित पावर हाउस पहुंचकर घेराव प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने बिजली विभाग के अधिकारियों के साथ-साथ ऊर्जा मंत्री एके शर्मा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
करीब एक घंटे तक चले इस प्रदर्शन के दौरान लोगों ने साफ तौर पर कहा कि जब तक नए लगाए गए स्मार्ट मीटर नहीं बदले जाएंगे तब तक कोई बातचीत नहीं होगी। खास बात यह रही कि प्रदर्शन में महिलाओं की संख्या अधिक थी। उन्होंने बिजली बिल को लेकर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना था कि वे नियमित रूप से बिल जमा करते हैं लेकिन कुछ ही समय बाद उनका बिल ‘माइनस’ में दिखने लगता है। इससे भ्रम और अविश्वास की स्थिति बन रही है।
स्थिति को संभालने के लिए मौके पर पहुंचे बिजली विभाग के अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को शांत करने की कोशिश की और उनकी समस्याएं सुनने का आश्वासन दिया। इसके बाद अधिकारी खुद प्रदर्शनकारियों के साथ लगभग एक किलोमीटर पैदल चलकर उनके गांव पहुंचे जहां दोबारा लोगों ने नारेबाजी करते हुए अपनी मांग दोहराई।
प्रदर्शनकारियों का स्पष्ट कहना था कि पहले मीटर बदलो, फिर बात होगी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि नए मीटरों की वजह से बिजली बिल में अनियमितताएं आ रही हैं जिससे आम उपभोक्ता परेशान हैं।
वहीं, बिजली विभाग के एसडीओ ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि क्षेत्र में अधिकतम 2000 रुपये तक का ही बिल आ रहा है। मीटर सही तरीके से काम कर रहे हैं। इसके बावजूद लोगों का आक्रोश कम नहीं हुआ और वे मीटर बदलने की मांग पर अड़े रहे। इसके साथ अन्य इलाकों में भी स्मार्ट मीटर को लेकर लोगों की नाराजगी धीरे-धीरे बढ़ रही है।
READ MORE






