Lucknow City

Lucknow News: बाजारों में जाम-अतिक्रमण का ‘स्थायी इलाज’ मांगा, व्यापारियों ने पुलिस के सामने रखी समस्याओं की लिस्ट

नाका, अमीनाबाद, चौक सराफा से लेकर ट्रांसगोमती के बाजारों तक व्यापारियों ने गिनाईं समस्याएं, ई-रिक्शा के लिए अलग स्टैंड, पार्किंग और लोडिंग-अनलोडिंग जोन की मांग, हर थाना क्षेत्र में नोडल अधिकारी बनाने का सुझाव

लखनऊ, 30 सितंबर 2026:

लखनऊ शहर के प्रमुख बाजारों में दुकानदारी सिर्फ ग्राहकों की कमी से नहीं अपितु जाम, अतिक्रमण, बेतरतीब पार्किंग और ई-रिक्शों के जमावड़े से भी प्रभावित हो रही है। पुराने शहर के बाजार से लेकर ट्रांसगोमती के प्रमुख कारोबारी क्षेत्रों तक व्यापारी लंबे समय से इन समस्याओं के स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं। बुधवार को लखनऊ व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने लखनऊ के संयुक्त पुलिस आयुक्त, कानून एवं व्यवस्था के सामने बाजारों की जमीनी समस्याएं रखीं और व्यावहारिक समाधान भी सुझाए।

बैठक में व्यापार मंडल के अध्यक्ष अमरनाथ मिश्र ने कहा कि व्यापारी समाज शहर की कानून-व्यवस्था से संतुष्ट है लेकिन यातायात और अतिक्रमण की समस्या पुराने बाजार के कारोबार को प्रभावित कर रही है। उन्होंने हर थाना क्षेत्र के बाजार अध्यक्षों और महामंत्रियों के साथ पुलिस की मासिक समन्वय बैठक दोबारा शुरू करने की मांग की।

नाका बाजार की समस्या बताते हुए वरिष्ठ महामंत्री पवन मनोचा ने कहा कि पुल के नीचे और सर्विस लेन में अतिक्रमण के कारण दिनभर यातायात बाधित रहता है। उनका कहना था कि अभियान के दौरान ठेले हट जाते हैं, लेकिन कुछ समय बाद फिर उसी जगह कब्जा हो जाता है। उन्होंने अतिक्रमण हटाने के बाद नियमित पुलिस निगरानी की व्यवस्था की मांग की। विजय नगर पुलिया के आसपास भी गश्त बढ़ाने की बात कही गई।

ये भी पढ़ें:

अमीनाबाद के हालात को लेकर वरिष्ठ महामंत्री जितेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि सड़क और फुटपाथ पर बढ़ते अतिक्रमण से व्यापारी और ग्राहक दोनों परेशान हैं। उन्होंने पुराने ट्रैफिक पॉइंट फिर सक्रिय करने तथा पीली पट्टी व्यवस्था दोबारा लागू कर पटरी दुकानदारों के लिए निर्धारित सीमा तय करने का सुझाव दिया।

चौक और सराफा क्षेत्र की समस्याएं रखते हुए वरिष्ठ महामंत्री अनुराग मिश्रा ने चरक चौराहे पर ई-रिक्शों के जमावड़े का मुद्दा उठाया। उन्होंने ई-रिक्शों के लिए चौराहे से बाहर निर्धारित स्टैंड और चौक-सराफा क्षेत्र में विशेष यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था की मांग की।

ट्रांसगोमती अध्यक्ष देवेंद्र गुप्ता ने कहा कि पर्याप्त पार्किंग न होने के कारण व्यापारी और ग्राहक सड़क किनारे वाहन खड़ा करने को मजबूर होते हैं। उन्होंने कार्रवाई के साथ वैकल्पिक पार्किंग और लोडिंग-अनलोडिंग के लिए निर्धारित स्थान बनाने की मांग की। कोषाध्यक्ष सुहैल हैदर अल्वी ने कहा कि ट्रांसगोमती के विभिन्न बाजारों में फुटपाथ पर अतिक्रमण, ई-रिक्शा एवं अनियंत्रित पार्किंग के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है।

मीडिया महामंत्री सुमित गुप्ता, महामंत्री सोमेश मिश्रा, सुशील तिवारी, मनीष गुप्ता, प्रियांक गुप्ता, मंजीत सिंह दुआ, कुश गुप्ता आदि ने भी अपने अपने क्षेत्र की समस्याओं को अवगत कराया। व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने कहा कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई महज अभियान बनकर न रह जाए। इसके लिए हर थाना क्षेत्र में एक नोडल पुलिस अधिकारी नामित किया जाए जो बाजार प्रतिनिधियों के नियमित संपर्क में रहे।

इसके साथ ही किसी भी अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई से पहले व्यापार मंडल के साथ बैठक कर स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप संयुक्त कार्ययोजना बनाई जाए। व्यापारियों का कहना है कि पुलिस और बाजार प्रतिनिधियों के बीच नियमित संवाद से जाम, अतिक्रमण, पार्किंग और सुरक्षा जैसी समस्याओं का स्थायी समाधान निकाला जा सकता है।

ये भी पढ़ें  ‘योगी की पाती’ में बड़ा संदेश : UP के युवाओं से CM Yogi बोले- नौकरी मांगने वाले नहीं, रोजगार देने वाले बनिए

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link