Lucknow City

मोहर्रम के जुलूस में मातम : बालूशाही लेने की होड़ बनी काल… गिरा छज्जा, दो मासूमों की मौत

लखनऊ के महोना में शरबत और बालूशाही बांटते समय बढ़ी भीड़ से टूटकर गिरा मकान का छज्जा, 8 घायल, चार की हालत गंभीर

लखनऊ, 27 जून 2026:

यूपी की राजधानी लखनऊ के इटौंजा क्षेत्र के महोना कस्बे में मोहर्रम के जुलूस के दौरान शुक्रवार रात सेवा का माहौल देखते ही देखते चीख-पुकार और मातम में बदल गया। जुलूस में शामिल लोगों को सबील के तहत बालूशाही, कोल्ड ड्रिंक, बिस्कुट और शरबत वितरित किया जा रहा था। इसी दौरान उक्त समान लेने की होड़ में लोगों की भीड़ छज्जे पर लटक गई। अचानक बढ़े भार को छज्जा सह नहीं सका और भरभराकर नीचे गिर गया। हादसे में दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। आठ लोग घायल हो गए। इनमें चार की हालत गंभीर बताई गई है।

पुलिस के अनुसार महोना के पकरिया मोहल्ले में रहने वाले मुश्ताक (40) अपने परिवार के साथ घर के बाहरी छज्जे पर खड़े होकर मोहर्रम के जुलूस में शामिल लोगों को शरबत और अन्य खाद्य सामग्री वितरित कर रहे थे। इसी दौरान बालूशाही और कोल्ड ड्रिंक लेने के लिए जुलूस में शामिल लोग और कुछ राहगीर छज्जे से लटक गए। अधिक वजन पड़ते ही छज्जा अचानक ढह गया और करीब 10 लोग मलबे में दब गए।

Muharram Procession Tragedy Balcony Collapse Incidents (1)

ये भी पढ़ें:

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। चीख-पुकार सुनकर जुलूस में शामिल लोगों और स्थानीय नागरिकों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और मलबा हटाकर लोगों को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची तथा घायलों को ट्रॉमा सेंटर और संयुक्त चिकित्सालय भेजा गया। हालात सामान्य होने के बाद जुलूस को आगे बढ़ाया गया।

इस दर्दनाक हादसे में महोना के अली (13) पुत्र कासिम और अरमान (12) पुत्र इमरान की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल होने वालों में अजमल (7), जियान (3), सना (30), मोहम्मद हसीब (42), जियाउल (30) और रूसीदा पुत्री लियाकत शामिल हैं। दाऊद (12) और अब्दुल वजूद (10) को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सबील पर भीड़ अचानक बढ़ गई थी और लोगों के छज्जे पर चढ़ने व लटकने से यह हादसा हुआ। राहत की बात यह रही कि छज्जे पर मौजूद परिवार के सदस्यों को केवल मामूली चोटें आईं। इस हादसे ने मोहर्रम के गमगीन माहौल को और अधिक मातम में बदल दिया। दो मासूमों की असमय मौत से पूरे महोना कस्बे में शोक की लहर है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

READ MORE

ये भी पढ़ें  बेकाबू Scorpio घर में घुसी, पटरी दुकानदार की मौत, डीडीसी के पति गंभीर, ग्रामीणों का प्रदर्शन

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button