Lucknow CityUttar Pradesh

UP News: KGMU में दिव्यांशी की मौत पर दूसरे दिन भी उबाल, प्रिंसिपल के इस्तीफे के बाद डीन पर एक्शन की मांग

पूरी रात नर्सिंग कॉलेज कैंपस में डटे रहे सैकड़ों छात्र-छात्राएं, ‘वी वांट जस्टिस’ के नारों से गूंजा परिसर, बीमारी में छुट्टी न देने और नियमों की अनदेखी के आरोप, निष्पक्ष जांच की मांग

लखनऊ, 22 सितंबर 2026:

यूपी की राजधानी लखनऊ की प्रतिष्ठित किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) में नर्सिंग छात्रा दिव्यांशी यादव की डेंगू से मौत के बाद भड़का आक्रोश दूसरे दिन भी थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार से शुरू हुआ नर्सिंग छात्र-छात्राओं का प्रदर्शन मंगलवार को भी जारी रहा। नर्सिंग कॉलेज की प्रिंसिपल के इस्तीफे के बावजूद सैकड़ों छात्र-छात्राएं पूरी रात कैंपस में धरने पर डटे रहे। अब प्रदर्शनकारी नर्सिंग डीन के खिलाफ कार्रवाई और उनके इस्तीफे की मांग पर अड़े हैं।

दिव्यांशी यादव KGMU के नर्सिंग कॉलेज के 2025 बैच की छात्रा थीं। छात्रों के मुताबिक वह कई दिनों से बीमार और डेंगू से पीड़ित थीं। उनका आरोप है कि बीमारी के दौरान उन्होंने छुट्टी मांगी लेकिन उन्हें समय पर अवकाश नहीं दिया गया। छात्रों का दावा है कि बीमारी के बावजूद पढ़ाई, उपस्थिति और ड्यूटी को लेकर दबाव बना रहा।हालांकि KGMU की ओर से सामने आए पक्ष में कहा गया है कि छात्रा को 16 सितंबर को मेडिसिन विभाग के चिकित्सक ने देखा था और उसी दिन उनके पिता उन्हें वाराणसी ले गए थे।

lucknow-kgmu-nursing-student-divyanshi-yadav-dengue-death-protest-dean-action (2)

ये भी पढ़ें:

वाराणसी में उपचार के दौरान 19 सितंबर को दिव्यांशी की मौत हो गई। इसकी सूचना मिलने के बाद नर्सिंग छात्रों में आक्रोश बढ़ गया और सोमवार को उन्होंने नर्सिंग विभाग का घेराव कर धरना शुरू कर दिया। प्रदर्शन के दौरान पूरा परिसर ‘वी वांट जस्टिस’ के नारों से गूंजता रहा। छात्रों ने मामले में जिम्मेदारी तय करने, निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पाए जाने वालों पर कार्रवाई की मांग की।

छात्रों का कहना है कि यह सिर्फ एक छात्रा की मौत का मामला नहीं है अपितु नर्सिंग विद्यार्थियों से जुड़े नियमों और उनकी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े करता है। उनका आरोप है कि नियमों के अनुरूप बीमारी की स्थिति में छात्रों को जरूरी राहत और अवकाश नहीं दिया जा रहा है। छात्रों ने व्यवस्था में सुधार और भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न होने की गारंटी की भी मांग की है।

lucknow-kgmu-nursing-student-divyanshi-yadav-dengue-death-protest-dean-action (3)

प्रदर्शनकारियों के दबाव के बीच नर्सिंग कॉलेज की प्रिंसिपल ने इस्तीफा दे दिया लेकिन इससे छात्रों का आंदोलन खत्म नहीं हुआ। अब उनका कहना है कि जब तक डीन पर कार्रवाई नहीं होती, धरना जारी रहेगा। मामले को लेकर KGMU की ओर से पांच सदस्यीय जांच समिति गठित किए जाने की जानकारी भी सामने आई है। इस बीच छात्रों के लगातार धरने से KGMU प्रशासन के सामने स्थिति संभालने की चुनौती बनी हुई है। अधिकारी प्रदर्शनकारी छात्रों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास कर रहे हैं लेकिन छात्र अपनी मांगों पर कायम हैं।

ये भी पढ़ें  20 दिन बाद जेल से बाहर निकली मुस्कान, ड्रम हत्याकांड की आरोपी की प्रेग्नेंसी हुई कन्फर्म

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link