हरेंद्र धर दुबे
गोरखपुर, 16 अप्रैल 2026:
गोरखपुर के सांसद रवि किशन ने गुरुवार को दिल्ली में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात की। बैठक में गोरखपुर एम्स के दूसरे चरण के विस्तार को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। सांसद ने एम्स से जुड़े कई अहम मुद्दे सामने रखे और क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी भी दी।
मुलाकात के दौरान सांसद ने साफ कहा कि एम्स में मरीजों का दबाव तेजी से बढ़ रहा है, ऐसे में दूसरे चरण का विस्तार जरूरी हो गया है। उन्होंने खास तौर पर ट्रॉमा सेंटर के निर्माण पर जोर दिया, ताकि गंभीर मरीजों को बेहतर और तुरंत इलाज मिल सके। सांसद के मुताबिक स्वास्थ्य मंत्री ने प्रस्ताव को गंभीरता से सुना और सकारात्मक रुख दिखाया। उन्होंने कहा कि जो मांगें रखी गई हैं, वे आम लोगों के हित से जुड़ी हैं और इन पर विस्तार से विचार किया जाएगा।
गोरखपुर एम्स अब सिर्फ शहर तक सीमित नहीं रह गया है। यहां उत्तर प्रदेश के कई जिलों के साथ बिहार और नेपाल से भी बड़ी संख्या में मरीज पहुंच रहे हैं। रोजाना 5 से 7 हजार मरीज इलाज के लिए आ रहे हैं, जिससे मौजूदा संसाधनों पर दबाव साफ दिख रहा है। सांसद ने कहा कि विस्तार होने से मरीजों को बेहतर सुविधा मिलेगी और इलाज की व्यवस्था और मजबूत होगी। उन्होंने भरोसा जताया कि दूसरे चरण का काम जल्द शुरू हो सकता है।






