Gorakhpur

गोरखपुर को सीएम देंगे 613 करोड़ की सौगात… आसान होगी रोजमर्रा की जिंदगी

5 मई को गोरखपुर पहुंचेंगे सीएम, 71 परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करेंगे, तारामंडल क्षेत्र में टूलेन ब्रिज और छठा कल्याण मंडपम बनेगा आम लोगों के लिए बड़ी राहत

गोरखपुर, 3 मई 2026:

शहर में बुनियादी सुविधाओं को रफ्तार देने के लिए 5 मई को बड़े पैमाने पर विकास कार्यों की शुरुआत होने जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करीब 613 करोड़ रुपये की 71 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इनमें सड़क, नाली, लाइटिंग से लेकर बड़े निर्माण प्रोजेक्ट शामिल हैं, जो सीधे तौर पर शहर की रोजमर्रा जिंदगी को आसान बनाने से जुड़े हैं।

करीब 49 करोड़ रुपये की 26 परियोजनाएं पूरी होकर तैयार हैं, जिनका लोकार्पण होगा। इनमें शहर का छठा कल्याण मंडपम और तारामंडल इलाके में वाटर बॉडी पर बना टूलेन ब्रिज खास हैं। इसके अलावा कई मोहल्लों में सड़क, जल निकासी, पार्क और रोशनी से जुड़े काम भी शामिल हैं। वहीं 564 करोड़ रुपये की 45 परियोजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा, जिनमें एकीकृत मंडलीय कार्यालय और लच्छीपुर में कुश्मी एवेन्यू अपार्टमेंट जैसे बड़े प्रोजेक्ट शामिल हैं।

जंगल बेनी माधव में बना नया कल्याण मंडपम

वार्ड नंबर 10 माधव नगर के जंगल बेनी माधव इलाके में 5.03 करोड़ रुपये की लागत से नया कल्याण मंडपम तैयार हुआ है। यह शहर का छठा कन्वेंशन सेंटर होगा। करीब 3115 वर्गमीटर क्षेत्र में बने इस भवन में बड़े हाल के साथ किचन, स्टोर, चेंजिंग रूम और अलग-अलग शौचालय की व्यवस्था की गई है। ऊपर की मंजिल पर डॉरमेट्री, ड्रेसिंग रूम और छह कमरे बनाए गए हैं।

इस सुविधा का मकसद कम और मध्यम आय वर्ग के परिवारों को शादी-ब्याह, तिलक, मुंडन जैसे कार्यक्रमों के लिए किफायती जगह देना है। इससे पहले खोराबार, सूरजकुंड, मानबेला, राप्तीनगर विस्तार और बिछिया में ऐसे मंडपम शुरू हो चुके हैं, जबकि कुछ और इलाकों में काम जारी है।

WhatsApp Image 2026-05-03 at 3.22.37 PM

तारामंडल में टूलेन ब्रिज से कम होगा सफर

तारामंडल क्षेत्र में 14.33 करोड़ रुपये की लागत से बना टूलेन ब्रिज भी इस कार्यक्रम का अहम हिस्सा है। यह पुल वसुंधरा एंक्लेव के अलग-अलग हिस्सों को सीधे जोड़ेगा। अभी लोगों को नौका विहार और सर्किट हाउस होते हुए लंबा रास्ता तय करना पड़ता है, जिससे समय और ट्रैफिक दोनों की समस्या रहती है।

112 मीटर लंबे इस पुल पर 7.5 मीटर चौड़ी सड़क के साथ दोनों तरफ फुटपाथ बनाए गए हैं। इसके चालू होने से आसपास की कई कॉलोनियों के लोगों का सफर छोटा होगा और नया सवेरा इलाके में लगने वाले जाम से भी राहत मिलने की उम्मीद है।

इन परियोजनाओं का होगा शिलान्यास

शिलान्यास होने वाली प्रमुख योजनाओं में 269.63 करोड़ रुपये का एकीकृत मंडलीय कार्यालय, 172.86 करोड़ रुपये का कुश्मी एवेन्यू अपार्टमेंट, सोनौली मार्ग पर प्रवेश द्वार, वसुंधरा एंक्लेव से पैडलेगंज तक सड़क चौड़ीकरण और नाला निर्माण, रामगढ़ताल रिंग रोड पर रिटेनिंग वॉल का काम, गुरुकुल सिटी फेज-1 में सड़क निर्माण और गुलरिहा से भटहट मोड़ तक डेकोरेटिव लाइटिंग शामिल हैं।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button