
गोरखपुर, 3 सितंबर 2026:
यूपी के गोरखपुर में सड़क किनारे खेत में करीब 35 साल की महिला का शव मिला है। महिला के शरीर पर कपड़े नहीं थे। उसके गले पर चोट के निशान मिले हैं। पुलिस को आशंका है कि गला दबाकर उसकी हत्या की गई है। दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका को लेकर भी जांच की जा रही है।
मार्निंग वॉक पर निकले लोग सहम गए
मामला झंगहा थाना क्षेत्र के गहिरा गांव के भूमिहार टोला का है। गुरुवार सुबह कुछ ग्रामीण मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। इसी दौरान उनकी नजर सड़क किनारे खेत में पड़े महिला के शव पर गई। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। एक ग्रामीण ने शव को कपड़े से ढक दिया।
मौके से मिले मोबाइल, चप्पल
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास छानबीन की। कुछ दूरी पर एक लोअर, चप्पल मोबाइल फोन मिला है। इन सामानों को कब्जे में लेकर पुलिस महिला की पहचान करने की कोशिश कर रही है। मोबाइल की जांच से महिला के बारे में अहम जानकारी मिलने की उम्मीद है।
गले पर मिले चोट के निशान
पुलिस के मुताबिक, महिला के गले पर चोट के निशान हैं। शुरुआती जांच में गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका है। दुष्कर्म हुआ था या नहीं, इसकी पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद होगी। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
➡️दिनांक 03.09.2026 की सुबह में #PsJhangha क्षेत्रान्तर्गत स्थित दुबियारी पुल के पास खेत में एक अज्ञात महिला का शव मिला । शव के शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है । नियमानुसार शव को पुलिस कब्जे में लेकर अग्रेत्तर विधिक कार्यवाही हेतु भेजा गया है ।… pic.twitter.com/SqZhf6Dy1L
— Gorakhpur Police (@gorakhpurpolice) September 3, 2026
कहीं और हत्या कर शव फेंकने का शक
पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि महिला की हत्या किसी दूसरी जगह की गई हो, इसके बाद शव को खेत में लाकर फेंका गया हो। घटनास्थल के आसपास लगे कैमरों, रास्तों समेत दूसरे संभावित स्थानों की जानकारी जुटाई जा रही है।
आसपास के जिलों से मांगी जा रही मदद
महिला की अभी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के जिलों से संपर्क कर लापता महिलाओं की जानकारी जुटा रही है। मौके पर फॉरेंसिक टीम ने पहुंचकर जरूरी साक्ष्य भी जुटाए हैं। एसपी नॉर्थ ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। महिला की पहचान कराने के लिए आसपास के जिलों की पुलिस से भी संपर्क किया गया है।






